विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जनवरी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान 6 जनवरी को दिग्विजय कालेज के सामने विभिन्न नगर पालिक निगम राजनांदगांव अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश, प्रदेश और राजनांदगांव जिले में विकास के कार्य हो रहे हैं, राजनांदगांव शहर को एक बेहतर क्षेत्र बनाने कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपए की लागत से विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही अमृत मिशन के अंतर्गत 125 करोड़ रुपए के कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही 100 करोड़ रुपए की लागत के एसटीपी कार्यों की स्वीकृति भी जल्द ही दी जाएगी। उन्होंने कहा कि डामरीकरण सहित विभिन्न कार्यों की शुरूआत की गई है, उन कार्यों को शीघ्र पूरा करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्णक कार्य करने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों की है। इस दौरान 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन में शामिल होने के लिए चयनित लखपति दीदी दिव्या निषाद को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था, उनके मन मस्तिष्क में समाज के पिछड़ों के विकास की रूपरेखा थी, इस उद्देश्य को पूरा करने में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने पिछले 15 वर्ष के कार्यकाल में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कलेक्टर एवं प्रशासक नगर पालिक निगम संजय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते कहा कि नगर निगम क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों को संपादित किया जा रहा है। इन कार्यों में जनप्रतिनिधियों का भी योगदान है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लगभग 26 करोड़ रूपए की लागत से 200 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है। नगर निगम में राशि की कोई कमी नहीं है और निरंतर विकास के कार्यों को संपादित किया जा रहा है। लगभग 2 लाख की आबादी वाले इस नगर निगम क्षेत्र में सभी कार्य पूरे किए जा रहे हंै।
इस अवसर पर सचिन बघेल, खूबचंद पारख, अशोक शर्मा, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, कोमल सिंह राजपूत, नीलू शर्मा, किशुन यदु, शिव वर्मा, राजेन्द्र गोलछा, नरेश डाकलिया, राधेश्याम गुप्ता, अतुल रायजादा, तरूण लहरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीइओ सुरूचि सिंह, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम खेमलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
शहीद शोरी की प्रतिमा का अनावरण
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ग्राम धामनसरा के माटी सपूत शहीद स्वर्गीय मुकेश शोरी की प्रतिमा का अनावरण किया। डॉ. सिंह ने शहीद स्व. मुकेश शोरी के शहादत दिवस पर प्रतिमा में माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। डॉ. सिंह ने कहा कि वे ऐसे युवा हैं, जिन्होंने परिवार, गांव, क्षेत्र का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाया है, उनके नाम से स्कूल का नामकरण करने शहीद स्व. शोरी के नाम से प्रस्ताव बनाकर भेजने कहा, ताकि स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने बीजापुर जिले में नक्सल हिंसा में 9 जवानों के शहीद होने पर अपनी शोक संवेदना प्रकट की और मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में नक्सलवाद, आतंकवाद के खिलाफ आंदोलन चल रहा है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्व. मुकेश शोरी की स्मृति में परिवार और ग्राम पंचायत द्वारा मिलकर प्रतिमा स्थापित की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ी और नवयुवक प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए कार्य करने तैयार हो सके। बड़े भाई संजय शोरी ने आभार व्यक्त किया।