‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 28 मार्च। रामनवमी का पर्व इस बार रामानुजगंज में आस्था, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति के नेतृत्व में निकली भव्य राम दरबार शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत प्राचीन हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया, वहीं सेवा भाव से जलपान की व्यवस्था भी की गई।
आकर्षक झांकियों ने खींचा ध्यान
नगर के विभिन्न वार्डों से निकली दर्जनों आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अलग-अलग थीम और सजीव प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक कथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
गांधी मैदान में आयोजित भजन संध्या में वाराणसी और जबलपुर से आए कलाकारों ने सिंगर राजेश जायसवाल के नेतृत्व में देर रात तक भक्ति का समां बांधे रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महिलाओं की भागीदारी रही उल्लेखनीय
लगभग 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिलाओं ने करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया।
झांकियों को किया गया सम्मानित
आयोजन समिति द्वारा राम दरबार सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें 11 झांकियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समिति, वार्ड 1 को प्रथम स्थान (41,000 रु.), संगिनी महिला समूह को द्वितीय स्थान (31,000) और श्री सत्य साईं ग्रुप, वार्ड 5 को तृतीय स्थान (21,000) प्रदान किया गया। अन्य झांकी दलों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11,000 रु. और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
वीरता की झलक बनी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में शामिल सैकड़ों बालिकाओं ने अपनी प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया और देशभक्ति का संदेश दिया। आयोजन समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बना।
उन्होंने इसे नगर की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बताया।