राजनांदगांव

देर रात युवा जोड़े को लेकर हंगामा, विहिप का चक्काजाम
19-May-2026 6:49 PM
देर रात युवा जोड़े को लेकर हंगामा, विहिप का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मई।
राजनांदगांव शहर में बीती रात एक प्रेमी युगल के भागने पर विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बीती रात सर्विस लेन पर चक्काजाम कर दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने जबरन हिन्दू लडक़ी को भगाकर ले गया था।

विहिप ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि हिन्दू युवती को मुस्लिम युवक के साथ जाने में मदद की। इधर, प्रशासन ने दावा किया है कि जोड़े का एक न्यायिक अधिकारी के समक्ष बयान के बाद जाने की इजाजत दी गई।

प्रशासन का कहना है कि बयान में जोड़े ने आपसी रजामंदी के तहत विवाह करने की बात कही। इस बीच सर्विस लेन में करीब दो घंटे विहिप और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति रही।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई कर जोड़े को सुरक्षित कोतवाली थाना के सुपुर्द किया। प्रशासन ने युवती को युवक के साथ भेज दिया। इसी बात को लेकर विहिप ने प्रदर्शन किया।

इस संबंध में विहिप के प्रांत सह मंत्री नंदूराम साहू ने कहा कि यह अंतरधर्मीय विवाह का विषय है। आज पीडि़त व्यक्ति ने अपनी लडक़ी की गुमशुदगी का मामला थाना में दर्ज कराया था। थाना वालों को लडक़ी बरामद कर उसके माता-पिता को सुपुर्द करना था, लेकिन माता-पिता को सौंपने के बजाय कोतवाली टीआई का कहना है कि एसडीएम के आदेश पर लडक़ी को लडक़े के साथ उनके घर छोडऩे जाएंगे, तो इस पर विहिप व बजरंग दल ने आपत्ति दर्ज कराई। कहा-उन्होंने कोर्ट में विवाह के लिए आवेदन दिया हुआ है।  विवाह हुआ नहीं है तो वह कैसे लडक़े के घर छोडऩे जाएगा।  

 

उन्होंने आरोप लगाते कहा कि एसडीएम भी मौके पर पहुंचे हैं और उनसे हमने आदेश की कापी की मांग की। इस पर एसडीएम का कहना है कि मैंने कोई आदेश ही नहीं दिया। इस तरह हिन्दू समाज को भ्रम में डालने का काम किया जा रहा है। प्रशासन हिन्दू-मुस्लिम दंगा भडक़ाने का काम कर रहा है, ऐसा परिलक्षित होता है। उक्त लडक़े पर पहले से ही धारा 302 के तहत मामला दर्ज है। ऐसे अनैतिक व्यक्ति के साथ अपने हिन्दू लडक़ी को क्यों भेजे, यह विहिप का प्रश्न है।

थाना के सुपुर्द कर दिया
एसडीएम गौतम पाटिल ने कहा कि एक युवती का गुमशुदगी का प्रकरण कोतवाली में दर्ज हुआ था। गुम इंसान का कथन के लिए एसडीएम कार्यालय लाया गया था, कथन दर्ज कर थाना के सुपुर्द कर दिया गया।


अन्य पोस्ट