84वां नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण आयोजित, 678 प्रशिक्षणार्थियों ने ली शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 नवंबर। राजनांदगांव पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में 25 नवंबर को 84वां नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र में 472 पुरूष और 206 महिला कुल 678 प्रशिक्षणार्थी नव आरक्षकों का दीक्षांत परेड आईजी अजय यादव के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय रायपुर सुजीत कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दीक्षांत समारोह में आईजी अजय यादव ने नव आरक्षकों से कहा कि आज आपने मातृभूमि की रक्षा तथा देश-सेवा की शपथ ली है। यह अवसर जीवन में एक बार ही आता है । मुझे विश्वास है कि आप शपथ के एक-एक शब्द का पूर्ण समर्पित भाव, निष्ठा एवं निष्पक्षता से पालन करेंगे। यह शपथ चुनौतीपूर्ण कार्यों के निष्पादन के समय आपको निर्णय लेने में सहयोग प्रदान करेगा। आपने इस प्रशिक्षण के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में कानून व्यवस्था एवं व्हीआईपी/वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। तथापि आपसे अपेक्षा की जाती है कि पुलिसिंग में व्यवसायिक दक्षता, कार्य कुशलता, संयमित आचरण एवं अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग की गरिमा के अनुरूप कार्य करेंगे। समापन अवसर पर सभी को पुन: बधाई देते अपेक्षा की जाती है कि आप भ्रष्टाचार से मुक्त रहते हुए सत्य निष्ठा के साथ निष्पक्ष रहकर आम नागरिकों के मध्य पुलिस की अच्छी छवि बनाकर रखेंगे। आपके पास फरियादियों के पहुंचने पर उनकी समस्याओं का निराकरण करना आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
मुझे विश्वास है कि प्रशिक्षण के दौरान वीआईपी एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी के व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। इन अनुभव के आधार पर आपसे अपेक्षा है कि पुलिसिंग में व्यावसायिक दक्षता, कार्यकुशलता संयमित आचरण एवं अनुशासन का उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर विभागीय गरिमा के अनुरूप कार्य करेंगे। आईजी श्री यादव ने संस्था के प्रशिक्षकों की सराहना की।
समारोह में पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय पुलिस अधीक्ष्क नेहा पांडे ने मुख्य अतिथि के परेड सलामी के उपरान्त प्रशिक्षणार्थी नवआरक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई एवं प्रशिक्षण संस्था का प्रतिवेदन वाचन किया । प्रतिवेदन वाचन में उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण विद्यालय के इस 84वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र में जो 14 जनवरी 2025 से संचालित है, इसमें 472 पुरूष एवं 206 महिला प्रशिक्षणार्थी नव आरक्षकों सहित कुल 678 प्रशिक्षणार्थियों ने बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जो जिला कोंडागांव, कांकेर, दंतेवाड़ा, बस्तर, गरियाबंद, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, महासमुन्द, धमतरी, रायपुर, बलौदाबाजार, एवं गुप्तवार्ता-पुलिस मुख्यालय रायपुर से हैं।
इनके प्रशिक्षण के दौरान इनके रण-कौशल को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इन्हें प्रशिक्षण सत्र के दौरान अत्याधुनिक हथियारों की हैण्डलिंग, फायरिंग, फिल्ड क्राफ्ट एवं जंगल टेक्टिस का लगातार गहन अभ्यास कराया गया है।
इसके अतिरिक्त इन्हें कानून व्यवस्था एवं वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया है । साथ ही इकाई में पाठ्यक्रम के अतिरिक्त विशेष रूप से स्वच्छता संबंधी जागरूकता हेतु कक्षायें, सामान्य ज्ञान हेतु समाचार पत्रों का अध्ययन, विशेषज्ञों द्वारा यातायात, कानून के विशेषज्ञों की कक्षायें, होमगार्ड द्वारा आपदा प्रबंधन की कक्षायें एवं मोटिवेशनल कक्षायें आयोजित की गई है।
कार्यक्रम में संस्था उत्कृष्ठ प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथि आईजी श्री यादव के करकमलों द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं चेक प्रदान किया गया एवं संस्था को अमूल्य योगदान देने वाले अतिथियों का स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। अंत में पीटीएस एसपी नेहा पाण्डेय द्वारा मुख्य अतिथि आईजी श्री यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में मीना चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव द्वारा आभार प्रदर्शन करते अतिथियों को स्वल्पाहार के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर बृजेश भदौरिया उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगॉंव, मुख्य कवायद शिक्षक/रक्षित निरीक्षक विक्रम बघेल, उपनिरीक्षक वर्षा शर्मा, जाकिर अली, मोहम्मद गुलजार खान, सहायक उपनिरीक्षक अनिता साहू, माधवी साहू सहित संस्था एवं विभाग के अन्य अधिकारीगणों की उपस्थिति रही।