सामरी विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 17 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘12 साल विश्वास के, 12 साल विकास के, 12 साल जनकल्याण के’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित अटल परिसर में तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 16 से 18 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों और सूचना प्रदर्शों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन भूतपूर्व सैनिक देवनंदन दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर आर.एन. पांडेय, जिला कार्यालय मंत्री भानुप्रकाश दीक्षित, प्रदर्शनी प्रभारी अजय गुप्ता, जिला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव, मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान जैसी विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। योजनाओं के प्रभाव को छायाचित्रों, सूचना पटलों, ग्राफिक्स और आंकड़ों के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण देश की आधारभूत संरचना और तकनीकी प्रगति से जुड़े प्रदर्श रहे। इसमें चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनें, डिजिटल क्रांति, सेमीकंडक्टर निर्माण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में वृद्धि और रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन भी किया गया, जो आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ में संचालित विकास परियोजनाओं और हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को भी शामिल किया गया है।