राजनांदगांव
डेढ़ घंटे तक बिजली दफ्तर का घेराव, कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुदलियार ने अफसरों को लगाई फटकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में रायपुर नाका स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी लिमिटेड कार्यालय का आक्रामक घेराव कर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखने और विभागीय लापरवाही को लेकर जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेसी सुबह 11 बजे बिजली कार्यालय के सामने एकत्र हुअ, और करीब डेढ़ घंट तक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बिजली कंपनी और सरकार के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया। अधिकारियों के सामने आने पर जिलाध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने उन्हें जमकर लताड़ लगाई और जनता की परेशानियों को लेकर खरी-खोटी सुनाई।
श्री मुदलियार ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है, जिस छत्तीसगढ़ को कभी बिजली सरप्लस राज्य कहा जाता था, आज उसी राज्य में बिजली कटौती के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। शहर में भरी गर्मी के बीच घंटों अघोषित बिजली कटौती से आम जनता त्रस्त है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो दिनों तक बिजली आपूर्ति ठप्प रहने से लोग भारी परेशानी झेलने मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कार्यालयों में बैठकर दायित्वों की इतिश्री कर रहे हैं और मातहत कर्मचारी मनमानी में लगे हुए हैं। कई सब स्टेशनों में मेंटेनेंस छोड़ शराब पार्टियां चल रही है। सोमनी क्षेत्र में हाल ही में बिजली गुल रहने के दौरान कर्मचारियों की शराब पार्टी का वीडियो सामने आना विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोलता है।
श्री मुदलियार ने कहा कि बिजली कंपनी की लापरवाही और सरकार की उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। लोग गर्मी में रातभर जागने मजबूर हैं, छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल ने कहा कि बिजली कंपनी की अव्यवस्था चरम पर पहुंच चुकी है। जनता को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही और सरकार पूरी तरह मौन बनी हुई है। दक्षिण ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मण साहू ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण शहर और गांव दोनों जगह लोग परेशान हैं। इस दौरान डॉ. आफताब आलम, मेहुल मारू, प्रवीण मेश्राम, कमलजीत सिंग पिंटू, रूबी गरचा, विवेक वासनिक, इकरामुद्दीन सोलंकी, अशोक पंजवानी, मनीष गौतम, देवेश डाकलिया, चेतन भानुशाली, माया शर्मा, राजेश गुप्ता, मनीष साहू, ललित मरकाम, झम्मन देवांगन, मोहन साहू, आफताब अहमद सहित अन्य उपस्थित थे।


