राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। मोहारा सहकारी समिति का धान अनाधिकृत रूप से खरीदने वाले खरीददार को मोहारा पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के मकान से आरोपी के पेश करने पर अवैध रूप से खरीदी गई 160 कट्टा धान को जब्त किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सहायक खाद्य अधिकारी डोंगरगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के 15 नवंबर 2025 से 13 मई 2026 तक हुए सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी एवं परिदान जिसमें सेवा सहकारी समिति मोहारा के समिति प्रबंधक प्रभारी संतोष वर्मा एवं कम्प्यूटर आपरेटर वेदप्रकाश साहू तथा अनाधिकृत रूप से धान क्रय करने वाले यशवंत वर्मा उर्फ राजू वर्मा 38 वर्ष ग्राम खैरी चौकी तुमड़ीबोड़ द्वारा कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन कर धान को फर्जी सूखत दर्शित करते 995.68 क्विंटल धान कुल कीमत 30 लाख 86 हजार 608 रुपए का शासकीय संपत्ति का गबन कर शासन के साथ धोखाधडी कर अफरा-तफरी की है।
अवैध लाभ अर्जित करने के आशय से 995.68 क्विंटल धान की कुल कीमत 30 लाख 86 हजार 608 रुपए का शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाकर राशि का गबन किया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन केन्द्र मोहारा में विभागीय वेबसाईट की ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार 13 मई 2026 की स्थिति में समर्थन मूल्य अंतर्गत क्रय किए गए एवं राईस मिलर तथा संग्रहण केंद्रों को प्रदाय किए गए धान तथा उपार्जन केन्द्र में शेष धान की स्थिति है, उपार्जन केन्द्र मोहारा में समर्थन मूल्य अंतर्गत कुल 282079 नग बारदानों में प्रति बारदाना 40 किलोग्राम की भर्ती के मान से कुल 112831.60 क्विंटल धान ऑनलाइन खरीदी दर्ज किया गया।
राईस मिलर्स को कुल 282079 नग बारदानों में एवं 1148 सीपेज सहित कुल 283227 नग बारदानों में 112831.60 क्विंटल धान का परिदान किया जाना था, किंतु उनके द्वारा मात्र 111835.92 क्विंटल धान का ही परिदान किया गया। इस प्रकार समिति द्वारा कुल क्रय किए गए धान में से 995.68 क्विंटल धान को कम परिदान करते सूखत बताया गया है।
समिति द्वारा 995.68 क्विंटल मात्रा धान की सूखत बताए जाने के उपरांत भी जांच 13 मई 2026 को समिति से बिना वैद्य दस्तावेज के अनाधिकृत व्यक्ति को अवैध रूप से धान विक्रय किया जा रहा था। रिपोर्ट पर अपराध धारा 318(4), 316(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पता तलाश के आरोपी यशवंत वर्मा उर्फ राजू वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर मोहारा समिति प्रबंधक से अवैध धान खरीदना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ सबूत पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


