राजनांदगांव
90 प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मई। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य निगम सीमाक्षेत्र में 1 मई 2026 से प्रारंभ कर 30 मई 2026 तक करना है। निगम सीमा क्षेत्रांतर्गत मकान सूचीकरण कार्य में लगे सुपरवाईजरों की सोमवार को बैठक लेकर नगर निगम आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी अतुल विश्वकर्मा ने मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
आयुक्त ने मकान सूचीकरण कार्य के संबंध में सभी ब्लाक के सुपरवाईजरों से अलग-अलग ब्लॉक में की जा रही मकान गणना के संबंध में जानकारी ली। कई ब्लॉक में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण होने पर उन्होंने संबंधित ब्लॉक के सुपरवाईजरों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शेष ब्लॉकों के मकान सूचीकरण कार्य 20 मई तक पूर्ण कर लिया जाए, क्योंकि इसके पश्चात गणना के आधार पर नजरी नक्शा तैयार करना है।
नजरी नक्शा तैयार होने के बाद जो मकान बंद पाया गया था, उस मकान में यदि व्यक्ति रह रहा है तो उसकी जनगणना करना है, उक्त कार्य अंतिम दिवस तक पूर्ण करना है। उन्होंने जानकारी दी कि 339 ब्लाक में 157 ब्लाक के मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, 182 ब्लाक शेष है। जिसमें मकान सूचीकरण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित ब्लाक के सूपरवाईजरों से गणना कार्य जल्द पूर्ण करने कहा। उन्होंने कहा कि निगम सीमा क्षेत्र के अनुमानित मकान 59116 में मकान सूचीकरण कार्य 53993 में मकान गणना कार्य पूर्ण हो चुका है। इस प्रकार 90 प्रतिशत से अधिक मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण है। उन्होंने अच्छी प्रगति के लिए सभी सुपरवाईजर एवं प्रगणकों को बधाई देते शेष कार्य जल्द पूर्ण करने कहा, ताकि शत-प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके। बैठक में सभी ब्लॉक के सुपरवाईजर उपस्थित थे।


