एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2026 में पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हरा दिया. रविवार को दोहा में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 313 रन बनाए. इसके जवाब में भारतीय टीम 265 रन पर ऑलआउट हो गई.
सोशल मीडिया पर इस मुक़ाबले पर लोग काफ़ी कमेंट कर रहे हैं. मैच के दौरान एक और बात चर्चा में रही. टॉस के समय पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद और भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.
जीत के बाद पाकिस्तान की टीम ने फैंस के शोर के बीच जश्न मनाया. पाकिस्तान टीम के सदस्य ग्राउंड को चूमते नज़र आए और पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आपस में एक-दूसरे को बधाई दी.
मैच के बाद भी दोनों टीमों के ख़िलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया, इसके अलावा पूरे मैच में कई बार खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर लोग टिप्पणी कर रहे हैं.
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
पाकिस्तान की तरफ़ से हसन नवाज़ ने सबसे ज़्यादा 79 रन बनाए. माज़ सदाकत ने 59 और फ़रहान यूसुफ़ ने 56 रन की पारी खेली.
एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के इस मुक़ाबले में भारतीय गेंदबाज़ हर्षित राणा काफ़ी महंगे साबित हुए. उन्होंने दस ओवर में 77 रन दिए. मैच में कई बार उन्हें अपना धीरज खोते हुए देखा गया.
भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए.
जब भारतीय टीम बल्लेबाज़ी करने उतरी तो उसके सामने 314 रनों का विशाल टारगेट था. भारत की संतोषजनक शुरुआत के बाद टीम के फ़ैंस उम्मीद कर रहे थे कि भारत यह मैच जीत सकता है.
हालांकि भारतीय फ़ैंस को वैभव सूर्यवंशी के महज़ 11 रनों पर आउट होने से निराशा हुई. उनके बाद आयुष भी अपना खाता खोले बिना आउट हो गए.
हालांकि अभिषेक शर्मा और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों पर 70 रनों की पारी खेली.
मैच में तिलक वर्मा ने भले ही शतक लगाया, लेकिन उन्होंने 100 रनों की पारी में 149 गेंदें खेलीं और यह भारत के लिए काफ़ी महंगा साबित हुआ.
पाकिस्तान के गेंदबाज़ अली रज़ा और हसन नवाज़ ने तीन-तीन विकेट लिए.
भारत इस मैच में 49.1 ओवर खेलकर ऑलआउट हो गया. यानी अपने हिस्से के लगभग पूरे ओवर खेलने के बाद भी भारतीय टीम पाकिस्तान के स्कोर के पास भी नहीं पहुंच सकी.
कई मौक़ों पर दिखा तनाव
भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी क्रिकेट मैच की तरह इस मैच भी कई मौक़ों पर तनाव दिखा.
इंडियन स्पोर्ट्स नेटवर्क नाम के एक हैंडल ने एक्स पर लिखा, "43वें ओवर में जब पाकिस्तानी गेंदबाज़ अली रज़ा गेंदबाज़ी करने आए, तो उन्होंने अंपायर को बताए बिना उस तरफ़ से गेंद फेंकी, जिस तरफ़ तिलक वर्मा क्रीज़ पर खड़े थे. अंपायर ने तुरंत उस गेंद को डेड बॉल करार दे दिया. अली रज़ा और पाकिस्तान के कप्तान साद ने इस फैसले को लेकर अंपायर से बहस शुरू कर दी."
"हालांकि, अंपायर ने साफ़ कर दिया कि इस गेंद को डेड बॉल ही माना जाएगा. अली रज़ा लगातार बहस करते रहे और मांग करते रहे कि इसे डॉट बॉल गिना जाए. कुछ देर तक बहस जारी रही, लेकिन आख़िरकार पाकिस्तान के पास अंपायर का फ़ैसला मानकर खेल दोबारा शुरू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा."
खेल शेल नाम के एक हैंडल ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "भारत और पाकिस्तान के मुक़ाबले में दर्शकों के जोश और शोर का कोई मुक़ाबला नहीं. स्टेडियम में पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे गूंज रहे हैं."
वैभव सूर्यवंशी रहे नाकाम
पीसीटी जियो न्यूज़ नाम के एक हैंडल एक्स पर पाकिस्तान की इस जीत पर टीम को बधाई दी. उसने एक्स पर लिखा, "भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में जो व्यवहार किया, उसके बदले आपने जैसा जश्न मनाया है उसके लिए पाकिस्तान की टीम को शाबाश. लड़कों ने अच्छा खेल दिखाया."
हालांकि पीएसजेडी नाम के एक यूज़र ने इसके विपरीत लिखा, "पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की तरह ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा नहीं किया. उन्होंने बहुत सही तरीके से जश्न मनाया."
इसी महीने ओमान में खेले गए अंडर 19 एशिया कप के फ़ाइनल में जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सोशल मीडिया पर काफ़ी बहस हुई थी.
कुछ लोग भारतीय टीम के खिलाड़ियों का समर्थन कर रहे थे तो कुछ लोगों का कहना है कि खेल के मैदान में इस तरह के जश्न से बचना चाहिए.
ख़ासकर पाकिस्तान के क्रिकेट फ़ैंस, पूर्व क्रिकेटर और एक्सपर्ट भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सवाल खड़े करते दिखे.
दरअसल, भारतीय टीम के युवा प्लेयर्स ने जीत के बाद काफ़ी आक्रामक अंदाज़ में जश्न मनाया. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने जाकर जश्न मनाते देखे गए.
इस दौरान भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ़ खिलाड़ियों को शांत कराते और उन्हें ग्राउंड से बाहर की ओर ले जाते दिखे. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान की टीम की ओर इशारेबाज़ी करते हुए भी नज़र आए.
इस मैच में भारत की टीम बल्लेबाज़ी करने उतरी तो फ़ैस की ख़ास उम्मीद तूफ़ानी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थी.
लेकिन मैच में वैभव कोई कमाल नहीं दिखा सके. वह महज़ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्होंने 13 गेंदों की अपनी पारी में दो चौके लगाए.
मुक्कु नाम के एक यूज़र ने वैभव सूर्यवंशी के ख़राब प्रदर्शन पर टिप्पणी की है.
उन्होंने लिखा, "ऐसा लग रहा है कि सूर्यवंशी अपना विकेट गंवाने के बाद जब पवेलियन लौटेंगे, तो उनकी आंखों में आंसू होंगे. भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबला हमेशा बड़ा होता है और जब भारत 300 से अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तब उन्हें बड़ी पारी खेलनी चाहिए थी."
"यह पहली बार नहीं है. बड़े मुक़ाबलों और दबाव की परिस्थितियों में वह बार-बार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं."
क्या कह रहे हैं लोग
पाकिस्तान की जीत पर भारत में कई लोग सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर रहे हैं.
तेजस नाम के एक यूज़र ने लिखा है, "दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया और पाकिस्तान के खिलाड़ी सामान्य सी जीत पर ऐसे जश्न मना रहे हैं जैसे उन्होंने वर्ल्ड कप जीत लिया हो."
मैच में तिलक वर्मा की बल्लेबाज़ी पर भी लोग कमेंट कर रहे हैं.
अभिषेक यादव नाम के एक यूज़र ने एक्स पर लिखा है कि जो करो, पाकिस्तान से मत हारो.
अभिषेक यादव ने गुस्से में लिखा, "इस हार में तिलक वर्मा ने टीम को संभालने का काम किया, जिसकी वजह से रन से अधिक बॉल खेल गए, सब आउट हो रहे थे तो किसी को पिच पर रुकना जरूरी था. हर्षित राणा भी अलग गुस्से में थे और अपने ही खिलाड़ियों पर लाल हो रहे थे. उन्होंने अपना संतुलन खो दिया था."
वराह वॉरियर नाम के एक यूज़र ने लिखा, "भारतीय फ़ैंस का दिल टूट गया. भारतीय टीम पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच हार गई. लाखों भारतीय क्रिकेट फ़ैंस को इससे निराशा हुई, जो भारत की जीत की उम्मीद कर रहे थे."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
--------
'छह साल की बेटी दिखती है 80 साल की' यह कौन-सी बीमारी है?
नंदिनी वेल्लैचामी
"मेरे बच्चे को देखने वाले लोग तरह-तरह की बातें करते हैं. वे पूछते हैं कि इस बच्ची को बाहर क्यों लेकर आते हैं, इसे घर पर ही क्यों नहीं रखते? लेकिन मेरा बच्चा ऐसा ही है. उसे बाहर जाना चाहिए और लोगों को उसे देखना चाहिए." यह कहना है अंजलि का.
केरल के वायनाड ज़िले के मानंतवाड़ी गांव में रहने वाले अंजलि और अखिल दंपति की छह साल की बेटी का नाम थक्कू यानी आइसा है. एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी की वजह से आइसा को समाज में कई तरह के ताने और मज़ाक का सामना करना पड़ता है.
लेकिन इन सब बातों को नज़रअंदाज़ करते हुए आइसा डॉक्टर बनने का सपना देखती हैं. उनके माता-पिता भी अपनी बेटी का यह सपना पूरा करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करना चाहते हैं.
आइसा क्यूटिस लैक्सा नाम की एक रेयर जेनेटिक बीमारी से पीड़ित हैं.
आइसा की मां अंजलि बताती हैं, "जब थक्कू छह महीने की थी, तब उसके शरीर की झुर्रियां कम नहीं हुईं. इसलिए हम उसे अस्पताल लेकर गए. डॉक्टरों ने कहा कि बीमारी का पता लगाने के लिए जेनेटिक टेस्ट करनी होगी. करीब एक महीने बाद जांच की रिपोर्ट आई. डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची को क्यूटिस लैक्सा नाम की रेयर बीमारी है."
ढाई साल की उम्र में ही दो सर्जरी हुईं
अंजलि बताती हैं कि इस बीमारी की वजह से आइसा को अक्सर सर्दी, खांसी और बुखार जैसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होती हैं. उन्हें महीने के कई दिन अस्पताल में बिताने पड़ते हैं.
अंजलि कहती हैं, "हम हर महीने दो से तीन अस्पतालों में जाते हैं."
अंजलि के मुताबिक, जब आइसा ढाई साल की थीं, तभी उन्हें हर्निया (आंत का अपनी जगह से खिसकना) और एक आंख में समस्या होने के कारण दो सर्जरी करानी पड़ी थीं.
आइसा की डॉक्टर अंजना बताती हैं कि इस बीमारी से पीड़ित लोगों को सांस लेने और दिल से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. क्यूटिस लैक्सा कई तरह की होती है.
डॉक्टर अंजना कहती हैं, "मरीज़ की उम्र कितनी होगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसे क्यूटिस लैक्सा का कौन-सा प्रकार है और बीमारी उसके अंदरूनी अंगों को कितना प्रभावित कर रही है. इसके इलाज में सिर्फ़ लक्षणों को कम करने की कोशिश की जाती है. इस बीमारी को पूरी तरह ठीक करने का कोई इलाज नहीं है."
अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्था क्यूटिस लैक्सा इंटरनेशनल के मुताबिक, दुनिया भर में क़रीब 400 लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं. यानी हर 20 लाख लोगों में से लगभग एक व्यक्ति को यह बीमारी है. भारत में इसके सात मरीज़ हैं.
यह संस्था इस बीमारी से पीड़ित लोगों को मानसिक और भावनात्मक सहयोग देती है. साथ ही, उनके परिवारों को बीमारी से जुड़ी सलाह भी मुहैया कराती है.
आइसा बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती हैं
इमेज कैप्शन,आइसा बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती हैं
आइसा के पड़ोस में डॉक्टर अंजना रहती हैं. आइसा भी उन्हीं की तरह डॉक्टर बनना चाहती हैं.
आइसा को नाचना, चित्रकारी करना और गाना गाना बहुत पसंद है. जब भी उनसे कोई तस्वीर बनाने के लिए कहता है, तो वह तुरंत एक डॉक्टर की तस्वीर बनाती हैं. पूछने पर बताती हैं कि यह डॉक्टर अंजना हैं.
आइसा की मां अंजलि कहती हैं, "आने वाले समय में थक्कू को मांसपेशियों में दर्द हो सकता है. हो सकता है कि वह दौड़ने और कूदने जैसी गतिविधियां भी न कर पाए. उसके लिए नाचना, गाना और चित्रकारी करना भी मुश्किल हो सकता है."
'इसे स्वीकार करना मुश्किल था'
आइसा के पिता अखिल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते हैं.
वह कहते हैं, "शुरुआत में इस बीमारी को स्वीकार करना हमारे लिए बहुत मुश्किल था. हमने इससे पहले न तो ऐसी बीमारी के बारे में सुना था और न ही किसी को इस हालत में देखा था. इससे हमें बहुत तकलीफ़ हुई. बच्ची के शरीर को देखकर ऐसा लगता था, जैसे वह 70-80 साल की कोई बुज़ुर्ग महिला हो."
"उस समय जब मैं अपनी बेटी को डॉक्टर के पास लेकर गया, तो उन्होंने बताया कि इस बीमारी को ठीक करने का कोई इलाज नहीं है. यह सुनकर हमें बहुत दुख हुआ."
आइसा के पिता का कहना है कि अपनी मासिक तनख़्वाह से इलाज का ख़र्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है.
अखिल कहते हैं, "हम अपनी आमदनी के हिसाब से ही ख़र्च चला रहे हैं. इलाज का ख़र्च उठाने के लिए हमें दूसरे खर्चों में कटौती करनी पड़ती है. ज़्यादातर इलाज केरल में ही कराया जाता है."
वह आगे कहते हैं, "मुझे थक्कू के सपने पर गर्व है. वह डॉक्टर बनना चाहती है. हमारे पड़ोस में एक डॉक्टर दीदी रहती हैं. उन्हें देखकर ही थक्कू के मन में डॉक्टर बनने का ख़याल आया. उसी से उसे प्रेरणा मिली. जब मैं उसे डॉक्टर बनने की बात करते सुनता हूं, तो मुझे बहुत ख़ुशी होती है."
आइसा फिलहाल अपने घर के पास के एक सरकारी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती हैं. जब उनसे पूछा जाता है कि उन्हें कौन-सा विषय पसंद है, तो वह कहती हैं, "गणित." इसके बाद वह तुरंत अपनी कॉपी में जोड़ के सवाल लिखकर उनके जवाब भी दिखाने लगती हैं.
आइसा की मां कहती हैं, "आइसा को अभी यह नहीं पता कि उसे क्या बीमारी है. लेकिन कभी-कभी वह पूछती है, 'सब लोग मुझे इस तरह क्यों देखते हैं? कोई मुझसे दोस्ती क्यों नहीं करता?' पहली बार स्कूल जाने पर उसे ऐसा अनुभव हुआ था. सभी बच्चे उसे 'अम्मुम्मा' यानी दादी कहकर बुलाते थे."
वह आगे बताती हैं, "इसके बाद हम स्कूल गए और प्रिंसिपल को पूरी बात बताई. फिर प्रिंसिपल ने दूसरे बच्चों को इस बीमारी के बारे में समझाया. इसके बाद हालात बदल गए."
बच्ची की टीचर ने क्या बताया
आइसा की शिक्षिका ऐश्वर्या कहती हैं कि वह बहुत होशियार बच्ची हैं.
ऐश्वर्या बताती हैं, "थक्कू हर मामले में बहुत समझदार है. दोस्तों की मदद करने से लेकर दूसरे कामों तक, वह हर चीज़ में आगे रहती है. शुरुआत में स्कूल के कुछ बच्चे उसका मज़ाक उड़ाते थे, लेकिन अब सभी उसके साथ दोस्ताना व्यवहार करते हैं."
वह आगे कहती हैं, "थक्कू कहती है कि वह डॉक्टर बनकर अपनी तरह की बीमारी से जूझ रहे दूसरे बच्चों का इलाज करना चाहती है. जब मैं उसकी यह बात सुनती हूं, तो दिल से दुआ करती हूं कि उसका सपना पूरा हो."
इंस्टाग्राम पर आइसा के 25 हज़ार से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं. पड़ोस में रहने वाले अर्जुन ने जब आइसा की नाचने में दिलचस्पी देखी, तो उन्हें सुझाव दिया कि उसके डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा सकते हैं.
बच्ची की ख़ुशी के लिए उसके माता-पिता भी इसके लिए तैयार हो गए. साल 2024 में आइसा का इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया. अब तक इस अकाउंट को अर्जुन ही संभालते हैं.
अर्जुन बताते हैं, "शुरुआत में लोग बहुत ज़्यादा नकारात्मक टिप्पणियां करते थे. उन्हें स्वीकार करना बहुत मुश्किल था. मेरी कोशिश रहती थी कि दूसरे लोग उन टिप्पणियों को देखें, उससे पहले ही मैं उन्हें हटा दूं."
वह आगे कहते हैं, "शुरुआत में लोग थक्कू को देखकर उस पर तरस खाते थे. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने उसे स्वीकार करना शुरू किया और अब उसके बारे में सकारात्मक नज़रिया रखते हैं."
अर्जुन बताते हैं कि एक बार थक्कू ने उनसे कहा, "मैं मशहूर हो गई हूं, इसलिए मुझे अपनी सुरक्षा के लिए एक गार्ड चाहिए."
हालांकि, मनोचिकित्सक कृपाकर का कहना है कि पहले से ही एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही बच्ची को इतनी कम उम्र में सोशल मीडिया का आदी बनाना उसके लिए और मानसिक तनाव की वजह बन सकता है.
इस बारे में पूछे जाने पर आइसा के माता-पिता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रील्स के ज़रिए आइसा को दुनिया के सामने एक सकारात्मक रूप में पेश किया जा सकेगा और इससे उसके ख़िलाफ़ की जाने वाली नकारात्मक टिप्पणियां भी कम होंगी.
आइसा के माता-पिता कहते हैं कि तमाम मुश्किलों के बावजूद वह उनके जीवन में ख़ुशियां लेकर आई हैं.
अंजलि कहती हैं, "वह डॉक्टर बनना चाहती है. हम अपनी तरफ़ से उसे अच्छी से अच्छी उच्च शिक्षा दिलाने की कोशिश करेंगे."
वहीं, पिता अखिल कहते हैं, "मेरी बेटी ही मेरी ज़िंदगी है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (bbc.com/hindi)