राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। घर के पास खड़े युवक पर तीन भाईयों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने तथा पीडि़त के पिता द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपियों द्वारा टंगिया/फरसा से हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जबकि तीसरे आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पेंड्री अटल आवास निवासी प्रार्थी युवराज साहू ने लालबाग थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 17 मई की रात्रि लगभग 8.45 बजे वह अपने पिता को छोडऩे के बाद घर के पास खड़ा होकर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के आरोपी विजय नेताम, दीपक उर्फ टिकली नेताम व जय उर्फ जया नेताम तीनों भाई वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते जान से मारने की धमकी देते हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपी विजय नेताम द्वारा टंगिया/फरसा से प्रार्थी के पिता गिरधारी साहू के सिर पर प्राणघातक हमला किया गया। जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री पहुंचाया गया। उक्त रिपोर्ट पर बिना नंबरी अपराध मेडिकल अस्पताल पेंड्री में कायम कर थाना में असल धारा 296, 115(2), 351(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना लालबाग पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी दीपक उर्फ टिकली नेताम एवं विजय नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना में प्रयुक्त टंगिया/फरसा को आरोपी के निशानदेही पर बरामद कर जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी जय उर्फ जया नेताम फरार है। जिसकी तलाश जारी है।


