‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 17 नवंबर। बच्चों के सर्वांगीण विकास, बाल देवो भव: व लक्ष्य एक बस्तर श्रेष्ठ के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरडोंगर में विद्यालय के शाला विकास एवं प्रबंधन समिति ने बच्चों के लिए शारीरिक बौद्धिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर केशकाल विधायक संतराम नेताम के मुख्य आतिथ्य एवं देवचंद मातलाम अध्यक्ष जिला पंचायत कोंडागांव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम आनंद मेला में बच्चों के हाथों से बने पकवानों का आनंद लेते हुए उन्हें आशीर्वचन दिया, तत्पश्चात कबाड़ से जुगाड़ तोप का मशाल द्वारा राकेट दाग कर अनावरण किया गया। साथ ही साथ मिसाइल एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने छत्तीसगढ़ के साथ ही विभिन्न राज्यों की लोक कला व संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।
विधायक द्वारा विद्यालय को म्यूजिक सिस्टम, लैब सामान, एवं अतिरिक्त कक्ष प्रदान करने की घोषणा की गई। साथ ही अतिथियों के हाथों विद्यालय के भूतपूर्व छात्र छात्राओं जिन्होंने राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त कर स्कूल का नाम रौशन किया है, उनका सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक संतराम नेताम विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान, उपाध्याय बिहारी शोरी, सग़ीर अहमद कुरैशी, अरूण अग्निहोत्री, फिरोज आडवाणी, लोक शिक्षण संयुक्त संचालक हेमंत उपाध्याय, केशकाल बीइओ सी.एल मंडावी, बड़ेराजपुर बीइओ विप्लव डे, प्राचार्य रामगोपाल ठाकुर, एबीइओ मनोज दुबे, बीआरसी प्रकाश साहू एवं समस्त स्टाफ ने बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
वहीं मंच का संचालन रजनीश मिश्रा, हेमंत रजक एवं राजेश कुमार शोरी द्वारा किया गया।