कोण्डागांव में पहली बार ऑटो किराया तय, प्रशासन ने जारी की आधिकारिक रेट लिस्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 फरवरी। जिले की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव सामने आया है। चिखलपुटी में नव निर्मित बस स्टैंड के सुचारू संचालन के साथ ही पुराने बस स्टैंड में यात्री बसों के प्रवेश और रुकने पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। बसों के लिए शहर के प्रमुख स्थानों को नए स्टॉप के रूप में चिन्हित किया गया है, जिससे आवागमन व्यवस्था पुनर्गठित हुई है।
बस स्टैंड स्थानांतरण के बाद शहर में यात्रियों की आवाजाही का स्वरूप बदल गया और सबसे बड़ी चिंता सवारी ऑटो किराए को लेकर सामने आई, क्योंकि अब तक कोण्डागांव में किसी भी मार्ग का किराया तय नहीं था। यात्रियों को दूरी या चालक की मांग के अनुसार अलग-अलग किराया देना पड़ता था।
इसी स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, जिला पुलिस और नगर पालिका परिषद की संयुक्त पहल से पहली बार सवारी ऑटो रिक्शा के लिए आधिकारिक किराया सूची जारी कर दी गई है, जिसे सार्वजनिक रूप से लागू किया गया है। अब प्रत्येक प्रमुख मार्ग के लिए निश्चित किराया तय रहेगा और इससे अधिक वसूली पर कार्रवाई की जाएगी।
बसों के लिए नई व्यवस्था
नए बस स्टैंड के संचालन के बाद अब बसों के रुकने के लिए जय स्तंभ चौक, चौपाटी मैदान, बंधा तालाब गार्डन चौक, मर्दापाल तिराह नाका और रायपुर नाका जैसे स्थान निर्धारित किए गए हैं। इससे शहर में बसों की आवाजाही नियंत्रित हुई है और यात्री आवागमन का केंद्र बदल गया है।
प्रशासन द्वारा तय प्रमुख ऑटो किराया (नई रेट लिस्ट)
नई व्यवस्था में शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों के लिए निर्धारित किराया सार्वजनिक किया गया है, जिसमें नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड और प्रमुख चौक शामिल हैं। इनमें रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक किराए में 25 प्रतिशत अतिरिक्त लागू होगा।
नया बस स्टैंड से प्रमुख किराया
जय स्तंभ चौक 40 रु., जिला अस्पताल 20 रु., महाविद्यालय या मर्दापाल 50 रु., संबलपुर चौक 70 रु., रायपुर नाका 100 रु., नारायणपुर मोड़ 140 रु., बफना 200 रु.
पुराना बस स्टैंड से प्रमुख किराया
जिला अस्पताल 50 रु., महाविद्यालय 40 रु., जय स्तंभ चौक 100 रु., रायपुर नाका 40 रु., बफना 150रु.
रायपुर नाका से प्रमुख किराया
कलेक्टर कार्यालय 20 रु., जय स्तंभ चौक 60 रु., महाविद्यालय 80 रु., संतपुर चौक 100 रु.
पहले और अब — किराए में क्या बदलाव
बस स्टैंड स्थानांतरण से पहले शहर में ऑटो किराया पूरी तरह अनियमित था। नई व्यवस्था में प्रशासन ने दूरी आधारित दर तय कर दी है। इससे कई मार्गों पर किराया स्पष्ट हुआ और कई स्थानों पर पहले की तुलना में नियंत्रण आया।
स्पष्ट है कि नई रेट लिस्ट से किराया तय होने के साथ मनमानी पर रोक लगी है और कई मार्गों पर यात्रियों को राहत मिली है। नया बस स्टैंड शुरू होने से शहर की परिवहन प्रणाली का केंद्र बदला, और उसी के साथ ऑटो किराया निर्धारण की आवश्यकता उत्पन्न हुई। अब बस संचालन और ऑटो सेवा दोनों को व्यवस्थित रूप से नियंत्रित किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, किराया विवाद कम होंगे और यात्रियों को तय दर पर सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने यात्रियों से तय किराया सूची के अनुसार भुगतान करने और अधिक वसूली की शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।