जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 मई। बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि के विरोध में रविवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक में एकत्रित हुए और पोस्टर-बैनर के साथ सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
रविवार शाम कांग्रेसजन जयस्तंभ चौक में जुटे। यहां से जुलूस निकाला गया, जो जयस्तंभ चौक से मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, आजाद चौक, गुड़ाखू लाइन और जूनीहटरी होते हुए ज स्तंभ चौक पहुंचा। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में नारेबाजी की। मोदी सरकार के खिलाफ नारे करते कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर हल्ला बोला।
जयस्तंभ चौक पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है। गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की जरूरतों के दाम बढऩे से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार प्रभावित हो रहे हैं। यह केंद्र सरकार और प्रधानमंत्र नरेंद्र मोदी की नीतियों की असफलता है। उन्होंने कहा कि महंगाई केंद्र सरकार के नियंत्रण से बाहर है, जो आम लोगों को निगले जा रही है।
ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने भी केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर निशाना साधते कहा कि महंगाई नियंत्रित करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन की आवाज को बुलंद करने और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया। श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आम जनता की आवाज उठाएगी।
पूर्व अध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, प्रदेश सचिवद्वय मेहुल मारु, प्रवीण मेश्राम, संयुक्त महासचिव आफताब आलम, प्रदेश प्रवक्ता रुपेश दुबे, राकेश जोशी, शारदा तिवारी, मामराज अग्रवाल, प्रेम रुचंदानी, इकरामुद्दीन सोलंकी, कुसुम दुबे, सूर्यकांत जैन, अशोक पंजवानी, राहुल तिवारी, मनीष गौतम, माया शर्मा, अशोक फडऩवीस, हेमू सोनी, राजिक सोलंकी, अब्दुल कलाम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद, संगठन व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता शामिल हुए।