राजनांदगांव

नांदगांव में हर माह सडक़ हादसे में 17 की गई जान, पिछले साल की तुलना में अपराधों में मामूली गिरावट
03-Jan-2026 3:32 PM
नांदगांव में हर माह सडक़ हादसे में 17  की गई जान, पिछले साल की तुलना  में अपराधों में मामूली गिरावट

एसपी ने सालभर का पेश किया लेखा-जोखा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 3 जनवरी। राजनांदगांव जिले में आपराधिक मामलों में बीते वर्ष 2025 में सिर्फ मामूली गिरावट दर्ज की गई है। वार्षिक अपराध विश्लेषण में पुलिस ने साल 2024 में 3932 दर्ज किया था। जबकि 2025 में सिर्फ मामूली गिरावट के साथ 3886 अपराध  घटित हुए। पुलिस के लिए हाल ही के वर्षों में सडक़ों में बढ़ते हादसों को रोकने की चुनौती 2025 में भी रही। यही कारण है कि 2025 में 431 सडक़ दुर्घटना में 207 की जान चली गई। इस तरह पूरे साल हर माह औसतन 17 लोगों को जान गंवानी पड़ी। 2024 में 429 सडक़ दुर्घटनाएं हुई थी। जिसमें 211 लोगों को मौत के मुंह में जाना पड़ा।

एसपी ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस में गुजरे साल के आपराधिक रिकार्ड का ब्यौरा देते बताया कि 2025 में सडक़ हादसों के अलावा चोरी, शराब तस्करी, हत्याएं जैसी घटनाओं को रोकने की दिशा में पुलिस ने यथासंभव प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक सालभर में आबकारी एक्ट के 1288 मामले दर्ज किए गए। जिसमें 3151 लोग गिरफ्तार हुए। वहीं पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 56 लाख कीमत की तस्करी को रोका। जिले में 2025 में हत्या के 27 मामले दर्ज किए गए। जिसमें 25 को सुलझा लिया गया। वहीं हत्या की वारदात के 63 आरोपी गिरफ्तार किए गए।

 

उन्होंने बताया कि चाकूबाजी की घटना को रोकने के लिए भी पूरी ताकत लगाई गई। गुजरे साल आम्र्स एक्ट के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है। साल 2024 की तुलना में 2025 में चाकू लेकर घूमने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। पुलिस ने सालभर में आम्र्स एक्ट के 87 मामले दर्ज किए हैं। जबकि 94 बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया। उधर पुलिस ने चोरी के मामलों में भी कार्रवाई करने का दावा किया। पुलिस ने माना कि चोरी की घटनाएं भी बढ़ी है। सालभर में 284 चोरी की घटनाएं हुई। जिसमें 236 को सुलझा लिया गया। अभी भी पुलिस के पास चोरी के कुछ अनसुलझे मामलों की खासी तादाद है। धोखाधड़ी की घटनाएं भी बढ़ी है।

पुलिस 88 प्रकरण में 31 प्रकरणों को अब भी धोखाधड़ी के तहत कार्रवाई कर रही है। डकैती, लूट एवं अन्य मामलों में भी पुलिस ने बेहतर प्रयास के साथ आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। 2025 में डकैती की 3 घटनाएं हुई। जिसमें 15 आरोपी गिरफ्तार हुए। लूट के सभी 17 प्रकरणों में 39 को गिरफ्तार किया गया। इस तरह पुलिस ने सालभर सडक़ हादसों से लेकर लोगों की सुरक्षा व माल असबाब के लिए पहरा बिठाने के लिए दमखम लगाया।


अन्य पोस्ट