हर्षिता बघेल -नवाज खान के नेतृत्व में कलेक्टोरेट का घेराव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अक्टूबर। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक हर्षिता बघेल और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्टोरेट का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। बाद में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
घेराव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता महावीर चौक पर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर मानव मंदिर चौक होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। परिसर के मुख्य द्वार पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में दूसरे गेट पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की। कलेक्टर के पहुंचने पर विधायक हर्षिता बघेल, नवाज खान और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव सहित अन्य नेताओं ने ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में डोंगरगढ़ शहर में बायपास निर्माण, नजूल भूमि की रजिस्ट्री संबंधी समस्याओं का निराकरण, ग्रामीण सडक़ों, सीसी रोड और पुल-पुलियों का निर्माण, पेयजल व्यवस्था में सुधार, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, नए स्कूल भवनों का निर्माण और शिक्षकों की भर्ती की मांग की गई। इसके अलावा एक नवंबर से धान खरीदी शुरू करने, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने तथा स्मार्ट मीटर के स्थान पर सामान्य बिजली मीटर लगाने की मांग भी शामिल है।
विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि क्षेत्र में सडक़, पेयजल और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। जर्जर स्कूल भवनों और शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में विकास कार्यों की गति धीमी है और समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। कांग्रेस ने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।
नवाज खान ने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि धान खरीदी एक नवंबर से शुरू की जानी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार न करना पड़े। उन्होंने बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताओं का हवाला देते हुए सामान्य मीटर लगाने और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव, जितेंद्र मुदलियार, रमेश डाकलिया, दुर्गेश द्विवेदी, अनीस खान, अशोक फडऩवीस, विजयराज चौहान, सौरभ वैष्णव, ओमप्रकाश साहू, महेंद्र सिन्हा, फूलमती वर्मा सहित डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।