राजनांदगांव

जनसमस्या निवारण शिविर डोमीकला में आयोजित
02-Jan-2026 7:02 PM
जनसमस्या निवारण शिविर डोमीकला में आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी।
जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड मानपुर अंतर्गत ग्राम डोमीकला में खंड स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टाल लगा गए, जहां आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया।

शिविर को संबोधित करते उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है। सभी लोग शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ लेना सुनिश्चित करें। आपकी जागरूकता और शासन की योजनाएं मिलकर न केवल आपकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनें और परिवार के पोषण पर विशेष ध्यान दें, ताकि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। कलेक्टर ने यातायात नियमों के पालन पर जोर देते कहा कि लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए सभी नागरिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।

कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी देते बताया कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें। शिविर के माध्यम से स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जा सकें। इस अवसर जनपद सदस्य मानपुर पुष्पाबाई, जनपद सदस्य मानपुर रेणु टांडिया, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर डीआर धु्रव, जनप्रतिनिधि कंचनमाला भुआर्य, हरीराम, जटाशंकर मिश्रा, मानूराम, संतोष कोटपारिया, नैयन सिंग, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट