‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 31 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार, नैतिक जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं ईमानदारी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कु. कुसुम कोर्राम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर स्नेहा सिंह एवं अर्चना मौर्य रहीं, जबकि तृतीय स्थान कार्तिक देवांगन ने प्राप्त किया।
इसी क्रम में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी एवं अनैतिक गतिविधियों के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, ईमानदारी अपनाने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक में वेशकुमार, अभिषेक, पवन सलाम, डोमार पोयाम, जीतेश, गजेंद्र, परमेश, मैनसिंग एवं सोनू सोरी ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने अपने उद्बोधन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. पुरोहित कुमार सोरी एवं श्री शशिभूषण कन्नौजे ने भी राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व, सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में श्री शशिभूषण कन्नौजे, श्री शोभा राम यादव, श्रीमती रूपा सोरी, डॉ अलका शुक्ला, डॉ देवाशीष हालदार, श्री नसीर अहमद, श्री विनय कुमार देवांगन, श्रीमती नेहा बंजारे, श्री अर्जुन सिंह नेताम, डॉ. आकाश वासनीकर, श्री समलेश पोटाई, श्री लोचन सिंह वर्मा, श्री लक्ष्मीदास मानिकपुरी, श्री जगतू राम नेताम, श्री अम्बर बैरागी, सुश्री पूजा साहू, सुश्री अंकितारानी कुजूर एवं श्रीमती करुणामति जोशी सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को अपने जीवन में अपनाने और भ्रष्टाचार मुक्त एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।