कोण्डागांव
कोण्डागांव, 6 फरवरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, कोण्डागांव में पदस्थ सहायक वर्ग-2 (लेखापाल) सतीश सोरी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हसलनार निवासी सोमनाथ यादव द्वारा एसीबी जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि वह दिसंबर 2025 में प्रधान पाठक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें भविष्य निधि की राशि कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, कोण्डागांव से प्राप्त होनी थी। इसके भुगतान के एवज में पदस्थ लेखापाल सतीश सोरी द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद 6 फरवरी को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय आरोपी सतीश सोरी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


