कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 5 फरवरी। जिला पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत थाना अनंतपुर क्षेत्र के ग्राम गागड़ा में 2 से 3 फरवरी तक दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोंडागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी अनंतपुर गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
इस आयोजन का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों और पुलिस के बीच संवाद बढ़ाना तथा साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाना बताया गया।
प्रतियोगिता में थाना अनंतपुर क्षेत्र के ग्राम एरला, बिंजोली, घोड़सोड़ा, अनंतपुर, बीजापुर, अमरावती, मालगांव, छिनारी, कुम्हारी सहित आसपास के गांवों की टीमों ने भाग लिया। दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों और ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
फाइनल मुकाबला ग्राम एरला और बिंजोली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें एरला की टीम ने प्रथम स्थान और बिंजोली की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को शील्ड और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान थाना अनंतपुर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, पासवर्ड सुरक्षा, फेक न्यूज और डिजिटल खतरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाने में सहायक होते हैं तथा युवाओं को सुरक्षित और जागरूक समाज की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी माकड़ी ज्ञानेन्द्र चौहान, सहायक उप निरीक्षक डोमन लाल दीवान, जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बैशाखु कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य रमदा बघेल, सरपंच ग्राम एरला गणेश बघेल, उप सरपंच जसराज बैध, कोटवार बिंगुराम नाग सहित थाना अनंतपुर के अधिकारी–कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।


