कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 6 फरवरी। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह वर्ष-2026 के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सडक़ दुर्घटनाओं में घायलों की त्वरित सहायता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रमेश (जैन) तातेड़ को कोण्डागांव पुलिस द्वारा सडक़ सुरक्षा मितान के रूप में सम्मानित किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा की ओर से उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किया गया
सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2025 के दौरान सडक़ दुर्घटनाओं में घायलों को समय रहते मदद पहुंचाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने तथा पुलिस प्रशासन को अपना अमूल्य सहयोग देने में रमेश तातेड़ की भूमिका सराहनीय रही है। उनके इस सामाजिक योगदान के लिए यातायात पुलिस कोण्डागांव द्वारा उन्हें सडक़ सुरक्षा मितान के रूप में सम्मानित किया गया।
सर्पमित्र के रूप में भी निभा रहे अहम भूमिका
रमेश तातेड़ केवल सडक़ सुरक्षा तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एक प्रसिद्ध सर्पमित्र भी हैं। अब तक वे सैकड़ों घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों से सांप पकड़ चुके हैं। खास बात यह है कि वे सांपों को नुकसान पहुंचाए बिना उन्हें सुरक्षित तरीके से पकडक़र जंगल में छोड़ देते हैं, जिससे न केवल लोगों की जान बचती है बल्कि वन्यजीव संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार रात के समय या आपात स्थिति में भी रमेश तातेड़ बिना किसी डर के मौके पर पहुंचकर सांपों का रेस्क्यू करते हैं। उनकी तत्परता के चलते कई परिवारों ने राहत की सांस ली है।
समाज के लिए प्रेरणा
सडक़ सुरक्षा, मानव सेवा और वन्यजीव संरक्षण, इन तीनों क्षेत्रों में रमेश तातेड़ का योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिस प्रशासन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगे भी इसी तरह समाजहित में कार्य करते रहेंगे।


