कोण्डागांव

कोण्डागांव का पारंपरिक मेला, कलेक्टर -एसपी ने ली तैयारी बैठक
04-Feb-2026 9:39 PM
कोण्डागांव का पारंपरिक मेला, कलेक्टर -एसपी ने ली तैयारी बैठक

सतर्कता बरतने व कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 फरवरी। कोण्डागांव का पारंपरिक मेला (मड़ई) प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 फरवरी से 01 मार्च  तक पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा की उपस्थिति में मंगलवार को मेला के सुव्यस्थित एवं परंपरागत ढंग से आयोजन हेतु जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए मेले के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, पार्षद गण उपस्थित रहे।

बैठक में मेला के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बायपास मार्ग से भारी वाहनों के आवाजाही करने पर चर्चा हुई। साथ ही मेला आयोजन रात 10 बजे तक ही होगा और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को भी रात 10 बजे तक धीमी आवाज में चलाने की अनुमति होगी। कोलाहल अधिनियम के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि सोमवार को 23 फरवरी की रात्रि निशा जतरा कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, मंगलवार 24 फरवरी को आयोजित होने वाले देवी परिक्रमा मार्ग को सुव्यवस्थित करने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु बेरिकेटिंग एवं पार्किंग के लिए मंडी के पास, किशोर टॉकीज के पास एवं सुविधानुसार पार्किंग एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए। मेला के परंपरानुसार 25 फरवरी को एनसीसी  ग्राउंड में पहुंचेंगे और 26 फरवरी से 28 फरवरी तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों  का आयोजन  किया जाएगा। संास्कृतिक कार्यक्रम आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्था सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग को निर्देशित किया गया।

साथ एनसीसी ग्राउंड में 25 फरवरी से 28 फरवरी तक विभाग विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले में एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात की जाएगी, जबकि पुलिस विभाग कंट्रोल रूम और सहायता केंद्र स्थापित की जाएगी। साथ ही विद्युत, पेयजल, शौचालय जैसी अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, नगर पालिका सीएमओ दिनेश डे, मेला आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट