कोण्डागांव

‘वनों को अग्नि से बचाओ’ कार्यशाला
06-Feb-2026 4:21 PM
‘वनों को अग्नि से बचाओ’ कार्यशाला

जनसहभागिता से वन अग्नि शून्य करने का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 6 फरवरी। केशकाल वनमण्डल अंतर्गत निस्तार डिपो फरसगांव में गुरुवार को केशकाल वनमंडल स्तरीय ‘वनों को अग्नि से बचाओ’ कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वनों में लगने वाली आग की घटनाओं को रोकना तथा जनसहभागिता के माध्यम से वन संरक्षण को और अधिक सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का समापन वनों की सुरक्षा, संरक्षण और सतत जागरूकता के लिए सामूहिक सहभागिता के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम द्वारा की गई।

इस अवसर पर  फरसगांव एसडीओ नन्द कुमार सिंहा, केशकाल एसडीओ सुषमा जे. नेताम सहित केशकाल वनमंडल के समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, परिसर रक्षक, वानिकी चौकीदार, अग्नि प्रहरी तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 कार्यशाला के दौरान वनों में लगने वाली आग के कारणों, उससे होने वाले पर्यावरणीय, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान तथा आग की रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन अग्नि की घटनाओं को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समय रहते आग की सूचना वन विभाग को दें। इस अवसर पर ग्राम स्तर पर दीवार लेखन, जनजागरूकता अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को वनों को आग से बचाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

कार्यशाला में यह लक्ष्य निर्धारित किया गया कि वन अग्नि की घटनाओं को शून्य तक लाया जाए, जिससे वन संपदा, जैव विविधता और पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में मानकुरम नेताम अध्यक्ष जनपद पंचायत फरसगांव एवं सुकमन नेताम, अध्यक्ष जनपद पंचायत बड़ेराजपुर उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में कलता मंडावी नारायण सिंह नेताम, जद्दू राम नाग, मंगूराम नेताम, चंद्रावती पुजारी, ईश्वरलाल कोर्राम, मूलचंद पांडे, विनोद पांडे, मंगलूराम नेताम की गरिमामयी उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट