कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 फरवरी। कोंडागांव जिले की कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना आज केशकाल के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने केशकाल नगरसीमा में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग- 30 के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तेज़ गति से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने सडक़ चौड़ीकरण के तहत की जा रही पेड़ कटाई की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। इसके पश्चात कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना बोरगांव पहुंचीं, जहां उन्होंने कोटवारी भूमि में प्रस्तावित लाइब्रेरी, कैफेटेरिया और पार्क के निर्माण के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस स्थल को जन उपयोगी सुविधाओं के विकास के लिए उपयुक्त बताते हुए एसडीएम को निर्देश दिए कि मंगलवार तक संपूर्ण कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि सडक़ निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख लाइफलाइन है। इन सुविधाओं के निर्माण से क्षेत्र में शैक्षणिक, सामाजिक और मनोरंजक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
2 महीने के भीतर नवीन पुल से शुरू
हो जाएगा आवागमन
खालेमुरवेंड के जर्जर पुल के सम्बंध में कलेक्टर ने बताया कि आगामी दो माह के भीतर खालेमुरवेंड में निर्माणाधीन नवीन पुल से वाहनों का आवागमन प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल के अप्रोच रोड सहित अन्य आवश्यक अंतिम कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में हैं और संबंधित विभागों को तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जर्जर पुल पर जल्द होगा डामरीकरण
कलेक्टर ने कहा कि पुराने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए उस पर डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा तथा गड्ढों को भरकर उसे भी आवागमन के योग्य बनाया जाएगा, ताकि नए और पुराने दोनों पुलों से यातायात सुचारू और सुरक्षित रूप से जारी रह सके। कलेक्टर के इस बयान से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लंबे समय से पुल की खराब स्थिति और निर्माण कार्य बंद होने को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई थी।


