‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। निगम ने अवैध नल कनेक्शनों का नियमितीकरण योजना तैयार की गई। वर्तमान में वैध नल कनेक्शन 2,21,000 हैं। रायपुर शहर में कुल भवनों की संख्या लगभग 3,50,000 के आधार पर लगभग 90000 अवैध नल कनेक्शन संचालित हैं जो सीधे तौर पर निगम के जल के राजस्व को क्षति पहुंचा रहे है।
इस संबंध में निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने आदेश जारी कर दिया है। यदि कोई उपभोक्ता योजना लागू होने की तिथि से 90 दिवस की अवधि के भीतर अपने अवैध नल कनेक्शन का नियमितीकरण नहीं कराता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही की जाएगी। वैकल्पिक रूप से, नियमितीकरण हेतु निर्धारित शुल्क की तीन गुना राशि अधिरोपित करते हुए कनेक्शन का नियमितीकरण किया जा सकेगा।
योजना का मुख्य उद्देश्य- डेटाबेस का एकीकरण जल विभाग के डेटा को संपत्ति कर प्रणाली के साथ पूर्णत: लिंक करना। राजस्व सुदृढीकरण: अवैध कनेक्शनों को वैप कर और पुराने बकाये की एकमुश्त वसूली कर राजस्व में स्थायी वृद्धि करना। नागरिक राहत: उपभोक्ताओं को बिना किसी भारी दंडात्मक वित्तीय भार (ब्याज) के पुराने विवादों से मुक्त करना।
मिसिंग एवं अवैध कनेक्शनधारी-अवैध आवासीय कनेक्शन वर्तमान में प्रचालेत नल कनेक्शन दर अनुसार ऐसे कनेक्शनों को वैध करने नियमितीकरण शुल्क 5000 रू. एवं वैध कनेक्शन शुल्क 15882 रू. कुल 20882 रू. जमा कराने के पश्चात् आधा इंच घरेलू कनेक्शन को पूर्णत: वैध व मुख्य धारा में सम्मिलित किया जाएगा।
अवैध व्यावसायिक कनेक्शन ऐसे कनेक्शनों को वैध करने नियमितीकरण शुल्क 15000 रू. एवं वैध कनेक्शन शुल्क 15882 रू. कुल 30882 रू. जमा कराने के पश्चात आधा इंच व्यवसायिक कनेक्शन को पूर्णत: वैध व मुख्यधारा में सम्मिलित किया जाएगा।
आधा इंच से बड़े एवं बल्क अवैध कनेक्शनों के नियमितीकरण की कार्यवाही प्रकरणवार समीक्षा कर नियमानुसार मुख्यालय से सक्षम स्वीकृति प्राप्त कर ही की जा सकेगी।
प्रमुख शर्ते-सीमित समयावधि - यह योजना आदेश जारी होने की तिथि से केवल 90 दिनों के लिए ही वैध रहेगी। इस अवधि में आवेदन करना अनिवार्य होगा।
एकमुश्त भुगतान - इस छूट का लाभ केवल तभी प्राप्त होगा जब उपभोक्ता संपूर्ण तय राशि का भुगतान एक साथ करेगा तथा निगम के साथ निर्धारित प्रारूप में अनुबंध करेगा।
अनिवार्य लिंकिंग - नियमितीकरण एवं ओ.टी.एस. का लाभ लेने वाले प्रत्येक उपभोक्ता को अपने जलकर कनेक्शन को अपनी विशिष्ट संपत्ति पहचान संख्या से लिंक कराना अनिवार्य होगा।
योजना का 1 जुलाई से लेकर 15 जुलाई 2026 तक प्रचार-प्रसार करेंगे। 16 जुलाई 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक यह योजना प्रभावशील रहेगी। उपभोक्ता को नियमितिकरण हेतु नियत तिथि में आवेदन देना होगा।