रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जून। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार दोपहर तक मानसून प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गया। इसके प्रभाव से राजधानी और उसके आसपास के जिलों में दोपहर बाद बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया। इस बीच आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी था। मानसून के आगमन के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं तापमान की बात करें तो रविवार को बिलासपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के आगे बढऩे के साथ प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढऩे के आसार इस बीच प्रदेशवासियों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलेगी।
मानसून की एंट्री के बाद इसका असर दिखने लगा है। बताया जा रहा है कि इसे राजधानी पहुंचने में दो दिन लग सकते हैं। इस दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होगी।