रायपुर

बस्तर में पदस्थ सैकड़ों एसआई के परिजन बड़े विरोध की ओर
22-Jun-2026 8:39 PM
बस्तर में पदस्थ सैकड़ों एसआई के परिजन बड़े विरोध की ओर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 जून। पिछले दिनों 61 निरीक्षकों के तबादले के बाद भी बस्तर रेंज मे पदस्थ  200-250 निरीक्षकों/उपनिरीक्षकों को अब तक नई पदस्थापना का इंतजार ही करना पड़ रहा है। इसे लेकर परेशान इन पुलिस अधिकारियों के परिजन अब विरोध का  बड़ा कदम उठाने को मजबूर है।

उन्होंने सवाल किया है कि पुलिस मुख्यालय की ऐसी क्या मज़बूरी है जो नक्सलवाद के पूर्ण रूप से खात्मा होने के ढाई महीने बाद भी तबादला नहीं किया जा रहा। 2013 बैच के उप निरीक्षकों को बिना कोई बांड के 1 तैनाती 3 वर्षों के लिए सन 2016 मे बस्तर रेंज भेजा गया था, परन्तु नक्सलवाद के खात्मा के बाद भी उनके परिवार को वापसी का इंतजार कर रहे हैं।  इसे लेकर उच्च न्यायालय बिलासपुर में बस्तर रेंज में पदस्थ निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण की याचिका में पुलिस विभाग ने बताया है कि निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का अनुसूचित क्षेत्र से 3 वर्षों में स्थानांतरण किया जाता है परंतु 8-10 वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक बस्तर में पदस्थ 200-250 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण नहीं किया गया है । इससे छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय की स्थानांतरण नीति पर अब संदेह होने लगा है?

संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने  मुख्यमंत्री, गृह मंत्री एवं पुलिस महानिदेशक से अपील की है कि जल्द से जल्द तबादला करें ताकि जून महीने मे वे अपने बच्चों का नवीन जिले के स्कूल मे एडमिशन करवा सकें और अपने परिवार के साथ रह सकें।

इन्होंने दी शहादत : 2013 बैच के  एस?आई जवानो ने बस्तर मे हथियार बंद नक्सलियों से लड़ते हुए अपनी शहादत दी है जिसमें मूलचंद कंवर, विनोद कौशिक, रूद्रप्रताप सिंह , श्याम किशोर शर्मा, दीपक भारद्वाज शामिल हैं।


अन्य पोस्ट