रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जून। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने लंबित मांगों के निराकरण में उदासीनता एवं प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ आंदोलन की घोषणा किया है।
संघ के महासचिव विजय ने बताया कि 22 जून को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ का कहना है कि आंदोलन की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद विगत दिवस विद्युत कंपनी प्रबंधन ने सहायक श्रम आयुक्त की मध्यस्थता के बाद द्विपक्षीय चर्चा एवं सकारात्मक पहल करने के बजाय कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज करते हुए एकपक्षीय एवं दंडात्मक निर्देश परिपत्र जारी किया है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
संघ ने आरोप लगाया कि प्रबंधन का यह रवैया औद्योगिक शांति एवं संवाद की भावना के विपरीत है। कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर विचार करने के बजाय दबावपूर्ण कार्यवाही करना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप नहीं माना जा सकता। संघ ने प्रदेशभर के समस्त आरक्षित वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे 22 जून को सामूहिक अवकाश आंदोलन में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।