रायपुर

शराब की ओवररेटिंग, आयुक्त आबकारी ने मैनपावर सप्लाई कंपनी के एमडी सीईओ की 23 को बैठक बुलाई
21-Jun-2026 8:13 PM
शराब की ओवररेटिंग, आयुक्त आबकारी ने मैनपावर सप्लाई कंपनी के एमडी सीईओ की 23 को बैठक बुलाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 जून। शराब दुकानों में ओवर रेटिंग की शिकायतों को लेकर जिला आबकारी अधिकारियों को नोटिस, निलंबन के बाद अब सरकार ने मेनपावर सप्लाई कंपनियों पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। आबकारी निगम छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कंपनी के संयुक्त एमडी ने मैन पावर सप्लायर 7  कंपनियों के डायरेक्टर, सीईओ को तलब किया है। आबकारी आयुक्त एवं  एमडी पीएस एल्मा 23  जून को इनकी बैठक लेंगे।

 शासकीय शराब दुकानों से अधिक मूल्य पर शराब बेचने के मामले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। सरकार ने भी इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर आबकारी आयुक्त को तलब किया था। दो आला अधिकारियों ने आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसके बाद अब तक प्रदेश के एक दर्जन जिला आबकारी अधिकारियों को नोटिस के साथ इतने ही आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित किया जा चुका है। साथ ही ओवररेटिंग करने वाले सेल्समैन सुपरवाइजरों को बर्खास्त किया है।

आयुक्त आबकारी  को चेतावनी देते हुए कहा कि यह सब जिलों के आबकारी अधिकारियों के संरक्षण में हो रहा है। इसे नियंत्रित करने कहा गया है। और ऐसे संदिग्ध आबकारी अधिकारियों के स्थानांतरण का प्रपोजल भेजें जिससे समन्वय से अनुमोदन कर उनका स्थानांतरण किया जा सके या उन्हें आबकारी विभाग में अटैच किया जा सके।

सरकार ने पिछली सरकार में हुए घटनाक्रम की याद दिलाते हुए पूर्व आबकारी आयुक्त की तरह  नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट