रायपुर
किसानों ने की नए अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 22 जून। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (पंजीयन क्रमांक 627) ग्राम तोरला के प्राधिकृत अधिकारी बलराम साहू को पद से हटाए जाने के पांच माह बाद भी नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी है। उप आयुक्त सहकारिता एवं उपपंजीयक सहकारी संस्थाएं कार्यालय रायपुर द्वारा 20 जनवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई के बाद से यह पद रिक्त है, जिसके कारण स्थानीय किसानों ने शीघ्र ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति करने की मांग उठाई है।
ग्राम भुरका से रेवा साहू, तोरला से रामगुलाल साहू, केजू पटेल, मोहन साहू, वेदराम तथा घोरभट्टी से बसंत साहू, सुनंदा साहू, रामेश्वर साहू, विमल पटेल, विषयलाल साहू और कामता तारक सहित क्षेत्र के अनेक किसानों ने प्रशासन से समिति की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए तत्काल नया अध्यक्ष नियुक्त करने का आग्रह किया है।
सामूहिक शिकायत के बाद हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्राधिकृत अधिकारी बलराम साहू के विरुद्ध धान खरीदी के दौरान टोकन जारी करने में अनियमितता बरतने और समिति के कर्मचारियों व किसानों के साथ असंतोषजनक व्यवहार करने की गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन समस्याओं को लेकर किसानों और कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच के बाद विभाग ने उन्हें पद से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया था।
किसानों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई से उन्हें राहत तो मिली है, लेकिन लंबे समय से पद रिक्त होने के कारण समिति के सुचारू संचालन और आगामी कृषि कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसीलिए क्षेत्र के किसानों ने सहकारिता विभाग से अविलंब योग्य अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग की है।