एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए अनुमति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद को नेशनल मेडिकल कमीशन एनएमसी ने मान्यता प्रदान कर दी है। शुक्रवार को ही देर शाम एनएमसी ने एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए अनुमति दी है। अब इसी शिक्षण सत्र से मेडिकल की पढ़ाई के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
मालूम हो कि ‘छत्तीसगढ़’ अखबार में महासमुंद मेडिकल कॉलेज को लेकर लगातार खबरंे प्रकाशित हुईं हैं। 28 जुलाई को भी मेडिकल कॉलेज महासमुंद को एनएमसी के जवाब का इंतजार संबंधी खबर छपी थी। जिसमें यह भी लिखा था कालेज प्रबंधन इसी सत्र में ही मान्यता मिलने को लेकर आश्वस्त है।
गौरतलब है कि महासमुंद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने लगातार दूसरे साल मान्यता के लिए कोशिश की थी, जिसमें इस बार सफलता मिली है। अब लेटर ऑफ परमिशन जारी होने के बाद दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य सरकार ने महासमुंद में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की घोषणा साल 2020 में की थी। पिछले 8 जून को एनएमसी ने कॉलेज का वर्चुअल निरीक्षण भी किया था, जिसके बाद से कॉलेज प्रबंधन को अप्रुवल का इंतजार था। कल रात 8 बजे एनएमसी की ओर से अप्रुवल संबंधित मेल आया, जिससे महासमुंद जिले में उत्साह की लहर है।
इस संबंध में शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद की डीन डॉ. यास्मिन खान ने बताया 100 सीटों के लिए मान्यता मिली है। एक बार फिर संसाधनों और फैक्ल्टी की जानकारी भेजनी होगी। इसके बाद लेटर ऑफ परमिशन मिलेगा और प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।
एनएमसी ने शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए इस कालेज को मान्यता प्रदान की है। हालांकि यह एक अंडरटेकिंग मान्यता है। इसके बाद भी कॉलेज प्रबंधन को अपना वर्तमान स्टेटस 7 दिन के भीतर एनएमसी को देनी होगी। इसमें पहले पाए गए संसाधन और उनमें विकास की जानकारी शामिल हैं।
बताना जरूरी है कि साल 2020 में महासमुंद में मेडिकल कॉलेज की घोषणा हुई। इसके बाद 1 दिसंबर 2020 को डीन डॉ.पीके निगम की नियुक्ति हुई। मार्च 2021 में जिला अस्पताल का अधिग्रहण हुआ। अप्रैल में एसोसिएट प्रोफेसर्स व प्रोफेसर्स ने ज्वाइन किया। शिक्षण सत्र 2021-22की मान्यता के लिए एनएमसी की टीम ने 23 व 24 अगस्त को निरीक्षण किया। 21 सितंबर को एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन को कमियों को दूर करने के लिए पत्र भेजा। फिर 13 अक्टूबर को एनएमसी ने वर्चुअल निरीक्षण किया और 28 अक्टूबर को एनएमसी ने मान्यता देने से इंकार किया।
इसी साल 29 अक्टूबर को मान्यता रद्द होने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जरूरत के प्राध्यापक प्रदान किया और 31 दिसंबर को शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए कॉलेज प्रबंधन ने फिर से आवेदन किया। इसके बाद 16 फरवरी 2022 को तत्कालीन डीन डॉ. पीके निगम ने वीआरएस ले लिया। उनके स्थान पर 12 मार्च को कॉलेज की नई डीन डॉ. यास्मिन खान ने ज्वाइनिंग ली। कालेज का 14 व 15 मार्च को एनएमसी की 3 टीम ने 2 दिवसीय निरीक्षण किया और 26 मार्च को कमियां दूर करने के लिए बिंदुवार रिपोर्ट दी। 6 अप्रैल को कॉलेज प्रबंधन ने कमियां दूर कर अपना जवाब एनएमसी को दिया और 8 जून को एनएमसी ने कॉलेज का फिर से वर्चुअल इंस्पेक्शन किया। इसके बाद 29 जुलाई को मान्यता मिल गई।
कल रात ठीक आठ बजे सांसद चुन्नी लाल साहू ने छत्तीसगढ़ को मोबाइल से सूचना दी-महासमुंद कालेज को एनएमसी का परमिशन पत्र कलेक्टर के पास पहुंच गया है। मैंने परसों ही दिल्ली में इस संबंध में विभाद के आला अफसरों से मिला ता तब पता चला था कि एक दो दिन में ही पत्र रिलीज कर दिया जाएगा। इसके 10 मिनट बाद विधायक एवं संसदीय सचिव ने एक खबर जारी की जिसमें लिखा है कि मेडिकल कॉलेज महासमुंद को एनएमसी से हरी झंडी मिल गई है। इसी सत्र से यहां कालेज की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।