महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिला मुख्यालय महासमुंद स्थित शंकराचार्य भवन में उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य, पॉवर 2047 बिजली महोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण भी दिखाया गया। इस दौरान बिजली से किस प्रकार मानव समाज में क्रांति आई सहित नवीन भारत में नवकरणीय बिजली संबंधित क्रांति के बारे में बताया गया और इसमें भविष्य की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा उपभोक्ता के लिए लांच किए गए विभिन्न डिजिटल माध्यमों के बारे में बताया गया। बिजली बिल का समय से भुगतान व ऊर्जा की बचत करने के लिए जागरूक भी किया गया। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विद्युत मंत्रालय द्वारा देश भर में उज्ज्वल भारत.उज्ज्वल भविष्य पावर 2047 महोत्सव देश के अलग-अलग हिस्सों में 25 से 30 जुलाई के बीच आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य और केंद्र सरकार के बीच सहयोग, बिजली क्षेत्र की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में आमजनों तक पहुंचाना है।
उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में अब तक हुए विकास और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही इसके संचय एवं बचत के लिए भी आमजन को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आजादी के 75 वर्षों में ऊर्जा के क्षेत्र में तरक्की हुई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक, आरईसी मुंबई के चीफ जनरल मैनेजर एस मुरलीधरन, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा अभिकरण के सहायक अभियंता एनके गायकवाड़ सहित सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित विद्युत उपभोक्ता उपस्थित थे।