महासमुन्द
जुलाई 17 को नीट की परीक्षा भी हो गई, नए शिक्षा सत्र की मान्यता के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई। शासकीय मेडिकल कॉलेज प्रबंधन महासमुंद को एनएमसीके जवाब का इंतजार है। दो सालों तक मान्यता नहीं मिलने के बावजूद प्रबंधन को उम्मीद है कि इस बार कालेज को मान्याता संभव है। उनका कहना है कि कॉलेज प्रबंधन मान्यता रद्द होने की स्थिति में अगले शिक्षण सत्र में आवेदन की तैयारी में जुट गया है। गौरतलब है कि बीते 8 जून को सत्र 2022-23 की मान्यता के लिए एनएमसी ने अंतिम बार शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद का वर्चुअल इंस्पेक्शन किया था। बहरहाल जुलाई 17 को नीट की परीक्षा भी हो गई है। एनएमसी में नए शिक्षा सत्र की मान्यता के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन इस सत्र में ही मान्यता मिलने को लेकर आश्वस्त हैं। क्योंकि वर्चुअल इंस्पेक्शन में एनएमसी ने सिर्फ सीटी स्कैन मशीन के संबंध में आपत्ति जताते हुए इसकी व्यवस्था करने के लिए कहा था। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही मशीन उपलब्ध हो जाएगी।
मालूम हो कि मेडिकल कॉलेज महासमुंद मान्यता के लिए शिक्षण सत्र 2021-22से प्रयासरत है। कालेज की खामियों को पूरा करने के लिए एनएमसी की टीम ने पहली बार 23 व 24 अगस्त 2021 को कॉलेज व अस्पताल का निरीक्षण किया था। इसके बाद 13 अक्टूबर को वर्चुअल निरीक्षण किया। फैकल्टी, लैब समेत अन्य कमियों को बताते हुए 28 अक्टूबर को एनएमसी ने मान्यता देने से इंकार कर दिया था। दूसरी बार शिक्षण सत्र 2022-23 के लिए 14 व 15 मार्च 2022 को एनएमसी की 3 सदसीय टीम ने 2 दिनों तक कॉलेज व अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद 8 जून को एनएमसी ने कॉलेज का वर्चुअल इंस्पेक्शन किया। अब आगे मान्यता की उम्मीद में कॉलेज प्रबंधन को एनएमसी के पत्र का इंतजार है।
शासकीय मेडिकल कॉलेज की डीन डा. यास्मिन खान के मुताबिक एनएमसी का पिछला निरीक्षण काफी अच्छा था। एनएमसी से मान्यता मिलना अपेक्षित है। इस बार बी यदि जवाब नहीं मिला तो हम अगले शिक्षण सत्र में आवेदन के लिए अपनी तैयारी करेंगे।
बीते 8 जून को हुए वर्चुअल निरीक्षण में एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन को सिर्फ सीटी स्कैन मशीन कॉलेज के अस्पताल परिसर में उपलब्ध कराने के लिए कहा था। इसी के तहत इन दिनों सीटी स्कैन मशीन की खरीदी की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। वहीं कॉलेज बिल्डिंग निर्माण के लिए भी सीजीएमएससी प्लानिंग कर रहा है।
मेडिकल कॉलेज महासमुंद प्रबंधन के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 10 अगस्त नए शिक्षण सत्र के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि है, लेकिन एनएमसी कभी भी मान्यता के संबंध में जवाब दे सकता है। इसलिए समय पर उनके जवाब नहीं आने के बावजूद प्रबंधन नए सत्र के लिए आवेदन की अपनी तैयारी पूरी रखेगा। ताकि अगले शिक्षण सत्र का अवसर हाथ से न निकले। अधिकारियों का कहना है कि एनएमसी काउंसलिंग के समय भी मान्यता प्रदान कर सकता है। इसलिए आवेदन की प्रक्रिया समय पर ही कर दी जाएगी।
समय पर मान्यता मिल जाती है, तो प्रबंधन छात्रों के प्रवेश की तैयारियों में जुट जाएगा।