महासमुन्द

बिहान कैफेटेरिया संचालित कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो रही समूह की महिलाएं
30-Jul-2022 3:08 PM
बिहान कैफेटेरिया संचालित कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो रही समूह की महिलाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई।
शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बिहान योजना द्वारा जिले के ग्रामीण अंचलों में महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को समूह से जोडक़र पारम्परिक गतिविधियों के अलावा अन्य रोजगार मूलक गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जय मां चण्डी महिला स्वसहायता समूह ग्राम खैरा की महिलाओं ने भी आजीविका गतिविधि के रूप में बिहान कैफेटेरिया की शुरूआत अगस्त 2021 से किया है।

समूह की सदस्यों के मुताबिक जनवरी 2021 में जय मां चण्डी महिला स्वसहायता समूह ग्राम खैरा का गठन छग राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत् किया गया। समूह सदस्यों ने आपसी बचत के माध्यम से एवं योजना के द्वारा सामुदायिक निवेश कोष की राशि को मिलाकर बिहान कैफेटेरिया का संचालन जिला पंचायत कार्यालय महासमुंद में चाय, नाश्ता, छत्तीसगढ़ी व्यंजन, भोजन आदि बनाने का काम शुरू किया।

जिला पंचायत महासमुंद कार्यालय में प्रतिदिन आने वाले आमजन, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी को भोज्य सामग्री बिहान कैफेटेरिया के माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो रहा है। बिहान कैफेटेरिया के आस-पास अन्य शासकीय कार्यालय जैसे जिला एवं सत्र न्यायालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय है। इन दफ्तरों में काम कतरने वाले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी बिहान कैफेटेरिया में आकर विशेषत: छत्तीसगढ़ी व्यंजन का आनंद लेते हैं। इन व्यंजनों में चीला, फरा, ठेठरी, खुरमी, अईरसा, सलौनी, मूंग, उड़द बड़ा,साबुदाना बड़ा इत्यादि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिला कार्यालय में आयोजित होने वाले बैठक, कार्यशाला, प्रशिक्षण इत्यादि में चाय, नाश्ता एवं भोजन का आर्डर बिहान कैफेटेरिया के माध्यम से पूर्ति की जाती है।

बिहान कैफेटेरिया के संचालक जय मां चण्डी महिला स्वसहायता समूह की अध्यक्ष राधा साहू ने बताया कि लगभग एक वर्ष से संचालित बिहान कैफेटेरिया के माध्यम से समूह द्वार पांच लाख रुपए तक का विक्रय कर चुके हंै।
जिससे सदस्यों को आर्थिक रूप से अपने परिवार में सहयोग करने का अवसर प्राप्त हुआ है। बिहान योजना के माध्यम से एवं जिला पंचायत महासमुंद कार्यालय द्वारा बिहान कैफेटेरिया के संचालन के लिए भवन, बिजली एवं फर्नीचर की व्यवस्था है। जिसके लिए समूह के सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
 


अन्य पोस्ट