महासमुन्द
महासमुंद, 30 जुलाई। कल छग अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर पांच दिवसीय धरने के समापन में जिलेभर के करीब 5 हजार कर्मचारी व अधिकारी धरनास्थल लोहिया चौक के पास एकत्रित हुए और साढ़े 12 बजे महारैली निकाली। रैली कलेक्टोरेट पहुंची, उसी समय मुख्य गेट के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। यहां कलेक्टर नहीं आए तो आधे घंटे बाद कर्मचारी व अधिकारी फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने गया। जिला संयोजक एस चंद्रसेन ने मांगों को पढक़र कलेक्टर को सुनाया और ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के पूर्व पुलिस व कर्मचारी -अधिकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। आंदोलन को जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती एस चंद्रसेन,सरिता तिवारी,आरती बरमाल, प्रभा जैन समेत पुरुष वर्ग ने संबोधित किया। ये सभी बीते 25 जुलाई से फेडरेशन के बैनर तले आंदोलनरत रहे। मांगें पूरी न होने पर फेडरेशन ने आगामी दिनों तक अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाने का ऐलान किया है।