महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जुलाई। तीन महीने पहले नकली सोना देकर 13 लाख रुपए की ठगी करने वाले 5 युवकों को बसना पुलिस ने कल गुरुवार को गिरफ्तार किया है। लेकिन इस मामले का मास्टर माइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पकड़े गए आरोपी में एक रायगढ़ व चार आरोपी भंवरपुर, बसना व पिथौरा के रहने वाले हैं। सभी के खिलाफ बसना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व टाटा बिलासुपर थाना सरसींवा निवासी रामकुमार साहू ने आवेदन किया था कि परसकोल चौक में आम बगीचे के पास उसके साथ पांच लोगों ने ठगी की है। नकली सोना देकर 13 लाख रुपए ले गए हैं। सोना नकली निकला तो बार.बार फोन लगाकर पैसा वापस मांगता रहा। लेकिन ठगों ने केवल 38 हजार रुपए ही वापस किए। बाकी के 12 लाख 62 हजार रुपए को देने के लिए घुमा रहे हंै।
एसपी भोजराम पटेल ने टीम बनाकर आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने पांच युवकों को उनके घर से हिरासत में लिया। पीडि़त रामकुमार साहू के मुताबिक आरोपी नंदू ऊर्फ नंदकिशोर सारथी उसकी पहचान का था। अपने साथियों के साथ मिलकर ईंटा भठ्ठा में कोयले के साथ मिले लगभग 1 किलो सोना को सस्ते दाम मे बेचने का लालच देकर उससे 13 लाख रुपए की ठगी की। पहले सोनार से जांच कराकर सोना को असली बताया गया। लेकिन जब प्रार्थी वापस अपने गांव आया और दो दिन बाद गोले को दो भागों में काटकर जांच कराई तो सोना नकली निकला। पुलिस ने आरोपी पहंदा थाना केडार जिला रायगढ़ निवासी नंदकिशोर सारथी 26 साल, छिबर्रा थाना सरायपाली जिला महासमुंद निवासी धर्मेन्द्र प्रधान 31 साल, पडक़ीपाली चौकी भंवरपुर थाना बसना निवासी गोपाल सोना 35 साल, जमदरहा चौकी भंवरपुर थाना बसना निवासी राकेश सोना 25 साल और थाना पिथौरा, सहिस 32 साल को गिरफ्तार किया गया है।