‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। आज ग्राम संतपाली थाना सरायपाली में हुये दोहरे अंधे कत्ल का खुलासा पुलिस अधीक्षक ने किया है। ग्राम के ही युवक ने अपने मित्र के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की थी। घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर महासमुन्द पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से मृत दंपत्ति के घर से लिये गए नगद, मोबाइल व घटना में उपयोग मोटर सायकल भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को प्रार्थी ग्राम संतपाली कोटवार दयालाल चौहान ने थाना सरायपाली में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि परिजन कलप राम भोई व पत्नी सादबती भोई संतपाली इन्द्रा नगर में कच्ची मकान बनाकर रह रहा था कि 21 जुलाई को परिवार के लोगों ने बताया कि कलप राम भोई के घर का दरवाजा बाहर से बंद है, अन्दर से कोई आवाज नहीं आ रही है, तब वह उसके घर जाकर खिडक़ी से परिजनों के साथ देखा तो कलप राम भोई व पत्नि सातबती भोई दोनों अलग-अलग खाट पर पड़े थे। दोनों की मृत्यु हो गई है। जिस पर थाना सरायपाली महासमुन्द में मर्ग सदर पंजीबध्द कर जांच पंचनामा कार्यवाही में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आज प्रेसवार्ता में बताया कि दोहरे हत्या की सूचना को गंभीरता से लते हुए मर्ग सदर जांच कर थाना सरायपाली व सायबर सेल की टीम एवं फॉरेंसिक टीम रायपुर घटना स्थल पहुंच कर बारिकी से जांच करने हेतु निर्देशित किया, जिसमें उक्त टीम द्वारा घटना बारिकी से निरीक्षण किया गया।
कच्चा मकान का दरवाजा बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसे खोल कर देखा गया मृतक कलप राम एवं मृतिका सातबती भोई दोनों अलग-अलग खाट में मृत हालत में पड़े थे। फॉरेंसिक टीम द्वारा शव निरीक्षण कर दोनों की मृत्यु गला दबाने व दम घुटने से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला दबाकर हत्या करने का शंका जाहिर किये। अज्ञात आरोपियों के विरूध्द धारा 302, 201 पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दोहरे हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल टीम महासमुंद व थाना सरायपाली पुलिस टीम को आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने निर्देशित किया। सायबर सेल की टीम व थाना सरायपाली पुलिस की टीम एवं डॉग स्चड महासमुंद घटनास्थल मौका पहुंच कर घटना निरीक्षण कर मृतक के बारे में अलग-अलग टीम गठित कर छोटी सी छोटी जानकारी एवं परिवार संबंधी, भूमि बटवारा संबंधी एवं मृतक के निजी जीवन के संबंध में जानकारी एकत्र की गई।
जांच दौरान पता चला कि आज से 3-4 माह पूर्व मृतका के नतनिन के साथ संदेही जगमोहन श्रीवास प्रेम संबंध की जानकारी मृतका को होने से मृतिका द्वारा संदेही के साथ झगड़ा विवाद मारपीट पाया गया। जिसके आधार पर पुलिस की टीम द्वारा संदेही जगमोहन श्रीवास को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करना प्रारंभ किया गया। जिस पर संदेही द्वारा पुलिस को गोल-मोल जवाब देना लगा। जिसे कड़ाई एवं बारिकी से पूछताछ करने पर पुलिस पूछताछ पर अंतत: टूट कर अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी जगमोहन श्रीवास ने बताया कि मृतक के नतनिन के साथ प्रेम संबंध था। मृतक-मृतिका को दोनों के प्रेम संबंध के बात की जानकारी होने से तथा मृतक-मृतिका द्वारा इसके घर आकर झगड़ा गाली गलौच किया गया तथा दोनों के प्रेम संबंध की बात इसके माता पिता को भी बता दिया जिससे क्षुब्ध होकर मृतक व मृतिका से द्वैवेश ईष्या रखकर उक्त दोनों को अपने रास्ते से हटाने की भावना रखना बताया तथा 19-20 जुलाई की दरमियानी रात को अपने साथी लव कुमार रत्नाकर को योजना बता कर अपने साथ लाया व दोनों के द्वारा घटना की रात मृतक दपंत्ति के घर जाकर अन्दर से बंद दरवाजा को सिटकनी को खोलकर अन्दर जाना व मृतक/मृतिका दोनों को अलग-अलग खाट सोना व सोये हालत में मृतिका सातबती भोई की गला को स्वयं जगमोहन श्रीवास तथा मृतक कलप राम भोई के गला को लव कुमार द्वारा दबाकर हत्या कर देना तथा घर में रखे 8,000/- रूपये रकम व खाट पर रखे एक मोबाइल को चोरी कर ले जाना तथा घटना की जानकारी किसी को पता न चले, मृतक घर के बाहर दरवाजा में ताला लगाकर चाबी को वापस मृतक घर में फेंक देना नकदी रकम को आपस में बंटवारा कर लेना, बटवारा में मिले 4000 रुपये व मृतक के मोबाइल को अपने घर में छिपाकर रखना बताया।
इसी तरह आरोपी लव कुमार रतनाकर को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया जो अपराध करना स्वीकार किया तथा बंटवारे में मिले नगदी 4000 रुपये को घर में छुपाकर रखना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से नगदी रकम 8000 रुपये, 1 मोबाईल तथा घटना प्रयुक्त मोटर सायकल क्रमांक सीजी 06 जीआर 3526 जब्त कर आरोपी जगमोहन श्रीवास (19) संतपाली थाना सरायपाली महासमुन्द तथा लव कुमार उर्फ बल्लू रत्नाकर (25) सुखापाली, सरायपाली के विरूध्द धारा 302, 201, 34 भादवि के तहत् थाना सरायपाली में कार्रवाई गई।