‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। बीते दिनों से हो रही बारिश से बस्तर और सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में आज मेघमय रहने की संभावना है। दिनभर रुक-रुककर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढऩे की संभावना है। इसके अलावा इस मौसमी सिस्टम से जुड़ी द्रोणिका झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। अगले कुछ घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवा और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रायपुर, बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।