‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अगस्त। राजधानी में बीते दिनों आधा दर्जन चोरी की घटनाएं सामने आई है। इनमें सूने मकान से 85 हजार, घर के बाहर सखी ई-रिक्शा और पार्किंग स्थल से बाइक-स्कूटी चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने छह अलग-अलग घटनाओं में पौने दो लाख की चोरी किए। एक अन्य मामले में घर से 12 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामलों में संबंधित धाराओं का अपराध दर्ज किया है। मामले में जांच कर रही है।
पंडरी के दलदल सिवनी स्थित पीएम आवास में चोरी की बड़ी वारदात हुई।अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़ वहां से 85 हजार के नगदी, सामान चोरी कर ले गए। इसकी शिकायत बबीता बर्वे ने पंडरी थाना में दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त की शाम 5 बजे वह घर में ताला लगाकर अपनी बहन के घर कमल विहार गई थी। और 20 अगस्त की रात 9 बजे वापस लौटी। धर आने पर उसने देखा की उपर कमरे के पीछे की बालकनी का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
आलमारी में रखी सोने की अंगूठी, चेन, टॉप्स, बालियां, चांदी की पायल और नकदी समेत 85 हजार रुपए का सामान गायब था। अज्ञात चोर बालकनी के रास्ते घर में घुसा और जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया।
वहीं एक अन्य मामले में मोवा के राज किराना स्टोर्स संचालक जीवन कुमार के घर से 12 हजार रुपए चोरी हो गए। जीवन कुमार ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह उनकी पत्नी दुकान खोलने के लिए घर से निकली थी। 9 बजे जीवन कुमार दुकान जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पैंट की जेब में रखे दुकान के 12 हजार रुपए गायब मिले। घर का मुख्य दरवाजा भी खुला हुआ था। परिजनों से पूछताछ के बाद भी उसे कोई जानकारी नहीं हुई। जिसके बाद उसने थाना जाकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
ई-रिक्शा चोरी
सिविल लाइन के पंडरी में घर के बाहर चार्जिंग पर खड़ी ई-रिक्शा चोरी हो गई। राम बैरागी ने बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे ई-रिक्शा सीजी07सीएन9052 को घर के बाहर चार्जिंग पर लगाया था। 19 अगस्त की सुबह 6 बजे वाहन गायब मिला। आसपास तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। ई-रिक्शा की कीमत 30 हजार रुपए बताई गई है।
नगर निगम कार्यालय के सामने से ई-स्कूटी पार
डीडी नगर थाना क्षेत्र में नया बस स्टैंड भाठागांव स्थित नगर निगम कार्यालय के सामने से बजाज ई-स्कूटी चोरी होने की शिकायत सामने आई है। सत्यम विहार कॉलोनी रायपुरा निवासी उपासना के मुताबिक, वह 17 अगस्त को सुबह करीब 10:15 बजे अपनी ई-स्कूटी कार्यालय के सामने खड़ी कर काम पर गई थी। शाम करीब 7:15 बजे लौटने पर स्कूटी गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
मेकाहारा के पास से बाइक चोरी
मेकाहारा अस्पताल के पास खड़ी बाइक चोरी हो गई। शिकायतकर्ता शेखर मसीह ने बताया कि 17 अगस्त की रात 10 बजे अपनी बाइक को अंबेडकर मूर्ति के पास लॉक कर खड़ा किया था। 18 अगस्त को दोपहर 12. 30 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। बाइक की कीमत 14 हजार रुपए बताई गई है।
कॉलेज पार्किंग से एक्टिवा गायब
खम्हारडीह इलाके में मेडिकल कॉलेज की पार्किंग से एमबीबीएस छात्र की एक्टिवा चोरी हो गई। शिकायत के मुताबिक, 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे टोको टकारे अपनी स्कूटी से कॉलेज गया हुआ था। जहां उसने कॉलेज की पार्किंग में स्कूटी लॉक कर अपने क्लास में चला गया था। जिसके एक घंटे बाद लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। आसपास पतातलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं हुई। किसी अज्ञात चोर ने स्कूटी का लॉक तोडक़र उसे चुरा ले गया। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है ।