‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 सितंबर। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश पर सक्रिय गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से बलौदाबाजार जिले के मौसम में अचानक बदलाव आया है। जिले में गुरुवार को दिन भर हुई बारिश के कारण पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया है। एक जून से अब तक जिले में सबसे ज्यादा वर्षा 1211.00 मिलीमीटर टुंड्रा में और सबसे कम 832.1 मिली मीटर सोनाखान में दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिससे शुक्रवार को जिले में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा और आसपास के तटीय इलाकों में ‘अर्बन’ नाम के चक्रवाती तूफान की चल रही चर्चाओं को मौसम विभाग ने खारिज कर दिया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. पी. थॉमस ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कोई चक्रवाती तूफान नहीं बना है; यह केवल डीप डिप्रेशन का प्रभाव है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस प्रणाली का सर्वाधिक असर छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तरी हिस्सों में रहेगा। बलौदाबाजार जिले में अगले दो दिनों तक वर्षा जारी रहने का अनुमान है, जिसके बाद प्रणाली के कमजोर पडऩे पर बारिश में कमी आएगी। मानसून की विदाई के इस दौर में बारिश से तापमान तो घटा है, लेकिन हवा में नमी के कारण उमस बनी हुई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी सुरक्षा सलाह: गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, खेतों, पानी के स्रोतों और ऊंचे पेड़ों के नीचे न रहें। जलभराव व नदी-नाले: निचले इलाकों के निवासी सतर्क रहें और नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखें।
खेतों में अत्यधिक पानी जमा न होने दें और कटी या खड़ी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें।
1 जून से अब तक जिले में दर्ज बारिश की स्थिति
बलौदाबाजार 1159.8 मिलीमीटर, पलारी 1109.8 मिमी, लवन 990.01 मिमी , कसडोल 977.2 मिमी , सुहेला 966.01 मिमी, सिमगा 964.24 मिमी, भाटापारा 955.8 मिमी।