एक अफसर के जिम्मे कई गांव, खेत तक पहुंचना चुनौती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 सितंबर। खरीफ सीजन में लगातार बारिश और बदली के बीच धान की फसल में विभिन्न प्रकार के रोग और कीट प्रकोप की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसान फसल को बचाने के लिए कीटनाशकों का छिडक़ाव कर रहे हैं, लेकिन बड़ी समस्या यह है कि, कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को समय पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह नहीं मिल पा रही है।
कृषि विभाग में आधे से ज्यादा पद खाली
इसकी एक बड़ी वजह कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के पदों की भारी कमी भी सामने आ रही है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, जिले में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के कुल 197 पद स्वीकृत हैं। इनमें से महज 95 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 102 पद रिक्त पड़े हैं। यानी स्वीकृत पदों की तुलना में केवल 48.22 प्रतिशत अमला ही उपलब्ध है, जबकि 51.78 प्रतिशत पद खाली हैं।
बीमारी की पहचान नहीं, दुकानदार की सलाह पर दवा
धान की फसल में बीमारी अथवा कीट के लक्षण दिखाई देने के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर बीमारी कौन-सी है और उसका उपचार क्या है। कृषि विशेषज्ञ की सलाह नहीं मिलने पर कई किसान सीधे कृषि सेवा केंद्र अथवा कीटनाशक दुकानों का रुख कर रहे हैं। वहां उपलब्ध जानकारी के आधार पर दवाइयां खरीदकर खेतों में छिडक़ाव किया जा रहा है।
सही बीमारी की पहचान के बिना दवा का छिडक़ाव
समस्या यह है कि, हर बीमारी के लिए एक ही कीटनाशक प्रभावी नहीं होता। गलत बीमारी के लिए गलत दवा का इस्तेमाल करने से किसान का खर्च बढऩे के बावजूद बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो पाता। कई बार किसान दोबारा अलग दवा खरीदकर छिडक़ाव करने को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विस्तार अधिकारियों पर कई गांवों की जिम्मेदारी होने की स्थिति में प्रत्येक किसान और प्रत्येक खेत तक नियमित रूप से पहुंचना चुनौती बन जाता है। खरीफ सीजन में जब फसल को विशेषज्ञ निगरानी और तत्काल सलाह की जरूरत होती है, उसी समय मैदानी अमले की कमी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।
दवाइयों की गुणवत्ता की जांच भी अहम सवाल
किसानों के लिए एक दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा बाजार में बिकने वाली कृषि दवाइयों की गुणवत्ता का भी है। किसान महंगी कीटनाशक दवाइयां खरीदकर फसल में इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उन्हें मानक और गुणवत्तापूर्ण कृषि दवाइयां ही उपलब्ध हों।
किसानों की मांग- पंचायत स्तर पर तय हो कृषि सलाह दिवस
किसानों का कहना है कि कृषि विभाग को पंचायत या पंचायत समूह स्तर पर निश्चित दिन और समय तय कर कृषि विस्तार अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही फसल में बीमारी की स्थिति में अधिकारी खेतों का निरीक्षण कर किसानों को बीमारी की पहचान, उचित कीटनाशक, उसकी मात्रा और छिडक़ाव की सही विधि की जानकारी दें।