गोबर से बने ब्रीफकेस में नगर विकास का खाका लेकर पहुंचीं नपाध्यक्ष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल। शुक्रवार दोपहर तीन बजे नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग गोबर से बने ब्रीफकेस में नगर विकास का खाका लेकर सभाकक्ष पहुंची और 55 लाख लाभ के साथ शहर विकास के नाम 96.58 करोड़ का बजट पेश किया।
बजट में मिनी स्टेडियम में विभिन्न उन्नयन कार्य 1 करोड़, संजय कानन उन्नयन कार्य 1 करोड़, मोती गार्डन में सुव्यवस्थित पेंशनरों हेतु बैठक, बच्चों के उन्नयन कार्य 50 लाख, सभी उद्यानों का सौदर्यीकरण कार्य 1 करोड़, आक्सीजोन निर्माण कार्य 3 करोड़, नवीन नगर पालिका भवन निर्माण कार्य 3.33 करोड़, महिला बाजार निर्माण कार्य, व्यापारियों के लिए दुकान निर्माण कार्य, इमली भांठा मुक्तिधाम उन्नयन कार्य, नयापारा मुक्तिधाम उन्नयन कार्य, नयापारा में मल्टी जीम व भवन निर्माण कार्य समेत कई शामिल हैं।
इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने तुमगांव रोड क्रासिंग में दोनो ओर शेड निर्माण, सभी तालाबों का सौंदर्यीकरण, दो स्थानों पर मल्टी लेबल सिटी पार्किंग, 16 सभी तालाबों का सफाई एवं सौदर्यीकरण, महाराणा प्रताप चौैक निर्माण, रायपुर रोड में विद्युतीकरण कार्य टयूबलर पोल, जगत विहार कालोनी में ओपन जीम, गोकुल नगर, दुकान, काम्पलेक्स निर्माण, ई लायब्रेरी, तीन स्थानों में सिवेज टीटमेंट प्लांट स्थापना, शहरी क्षेत्रों में सौन्दर्यीकरण, मृत नहर को लिंक रोड बनाने, नया बस स्टॅण्ड निर्माण, थोक सब्जी बाजार निर्माण, नालियों में कवर लगाने, डामरीकरण, सीसी रोड, गुरु गोविंद सिंह उद्यान सौंदर्यीकरण, सीसी टीवी कैमरे, अरबन कार्टेज एवं सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क, आधुनिक शौचालय, हाई मास्क लाईट, कार्ट, ई रिक्शा क्रय, ट्रांस्पोट नगर, श्रीराम वाटिका निर्माण कार्यों पर सहमति दी।
सभाकक्ष में में नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने 96 करोड़ 55 लाख 51 हजार रुपए का बजट पेश करते हुए बताया कि 96 करोड़ 3 लाख 51 हजार रुपए का व्यय होगा और 55 लाख एक हजार रुपए का फायदा। इस बीच पीआईसी के 6 एजेंडे को नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने आमसभा में रखा तो विपक्ष के पार्षद महेन्द्र जैन ने बजट पर अपनी आपत्ति जताते हुए कहा कि बजट को लेकर पार्षदों से अभिमत नहीं लिया गया।
मांगे जाते तो बहुत से पार्षद शहर विकास की आवश्यकताओं पर अपना अभिमत देते। इस दौरान श्री जैन ने अध्यक्ष से कहा पालिका भवन के पीछे स्थित महावीर कॉर्नर पिछले 13 सालों से लंबित है। इस बीच पार्षद देवीचंद राठी ने गरीबों के मुद्दे पर कहा कि शहर में ऐसे भी गरीब परिवार हैं जिनके पास भूमि तक नहीं है। ऐसे गरीबों के लिए इस बजट में कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। जबकि गरीबों को न्यूनतम शुल्क में आवास उपलब्ध कराना चाहिए था।
आमसभा की बैठक में सभी सभापति, पार्षद, एल्डरमेन, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि विभाग प्रमुख उपस्थित थे।