महासमुन्द

पैसों के लालच में बेटों ने की वृद्ध पिता की हत्या, चंद घंटों में आरोपी पकड़ाए
02-Apr-2023 6:41 PM
पैसों के लालच में बेटों ने की वृद्ध पिता की हत्या, चंद घंटों में आरोपी पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 2 अप्रैल। समीप के ग्राम कौडिय़ा निवासी दो भाइयों द्वारा पुलिस को अपने पिता के फांसी लगने की सूचना दी थी। परन्तु घटनास्थल एवम शव देखकर प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध होने के शक में ज़ब पुलिस ने सूचना देने वाले भाइयों से ही कड़ाई से पूछताछ की तब हत्या को आत्महत्या का रूप देने वाले बेटे अपने पिता के हत्यारे निकले। दोनों आरोपी अब पिथौरा पुलिस की गिरफ्त में है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम यादव पिता मंगलू यादव उम्र 26 वर्ष निवासी कोडिया पारा ने पुलिस को सूचना दी कि इसके पिता मोनू यादव उम्र 70 वर्ष निवासी कोरिया पारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए हैं। प्रार्थी की सूचना पर थाना पिथौरा में मर्ग कायम कर जांच प्रारम्भ की गई। स्थानीय एसडीओपी पिथौरा प्रेम साहू के मार्गदर्शन में थाना पिथौरा के निरीक्षक शिवानन्द तिवारी एवं थाना स्टाफ द्वारा घटना की सभी बिंदुओं पर जांच की गई जांच के दौरान घटनास्थल पर ही मृतक के शव का पंचनामा करने पर पता लगा कि मृतक के सिर कान नाक गला में कई जगह चोट के निशान है एवं आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ एवं मृतक के शव का  पिथौरा हॉस्पिटल के डाक्टरों की टीम द्वारा पीएम रिपोर्ट पर मृतक की मृत्यु गला घोट कर हत्या करने से होना बताया गया। जिस पर संदेही पुरुषोत्तम यादव उम्र 26 वर्ष इसके बड़े भाई जगदीश यादव उम्र 35 वर्ष से पूछताछ किया गया।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पूर्व इसके पिताजी अपना दो एकड़ खेत 26लाख रूपये में बेचे हैं और इन लोगों को कुछ भी नहीं दिए जिसके कारण घर में आपसी वाद विवाद चल रहा था। दिनांक 31 मार्च को मृतक मंगलु यादव ने अपनी पत्नी सुशीला यादव से मारपीट किया था और कल शाम को पुरुषोत्तम यादव की पत्नी एवं उसकी भाभी रुकमणी यादव से भी गाली-गलौज किया था इसी कारण जगदीश एवं पुरुषोत्तम यादव ने 1 अप्रैल की रात मृतक मंगलू यादव को हाथ मुक्का लात  एवं डण्डा से मारपीट कर उसके बेहोश होने पर प्लास्टिक रस्सी से उसका गला घोट कर उसे मार डाला। सम्पूर्ण जांच के बादआरोपी जगदीश यादव, पुरुषोत्तम यादव  के विरुद्ध धारा 302 201 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियोंकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं प्लास्टिक रस्सी जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उक्त मामले की जांच कर आरोपियों को सींखचों के पीछे पहुचाने में निरीक्षण शिवानंद तिवारी थाना प्रभारी पिथौरा एएसआई लक्ष्मण साहू प्रधान आरक्षक मुकेश साहू वृंदावन भाई आरक्षक शैलेश ठाकुर ठाकुर राम पटेल मिहिर बीसी योगेश ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट