महासमुन्द
राहुल की संसदीय छीनने के बाद महासमुंद में कांग्रेस की प्रेसवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कल महासमुंद के सर्किट हाउस में एक प्रेसवार्ता में कहा कि भारतीय जनता पार्टी, मोदी जी की सरकार लगातार लोगों को टार्चर कर रही है। संसद में बोलने पर सांसद का माइक बंद कर दे रही है। किसी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुंह खोला तो ऐसा बर्ताव करते है कि बोलने वाला देशद्रोही है। कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। हम जनता के बीच जाएंगे। देश के हर गली, मोहल्ले, चौक-चौराहे को संसद बनाएंगे। देखते हैं प्रधानमंत्री मोदी कहां-कहा हमारी आवाज रोकेंगे? वर्तमान में देश में इमरजेंसी जैसे हालात है। देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ गयी है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में आज आम लोगों की आवाज उठाना, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना गुनाह हो गया है। चार बार सांसद रह चुके राहुल गांधी जब संसद के अंदर बात करते हंै तो उनको बोलने नहीं दिया जाता, उनका माइक बंद कर दिया जाता है। सत्तारूढ़ दल के सांसद बहुमत के अतिवादी चरित्र का प्रदर्शन करते हुये संसद की कार्रवाई नहीं चलने देते हैं। केंद्रीय मंत्री अपने पद की गरिमा को तार-तार करते हुये अनर्गल बयानबाजी करते हंै और जब इन सबसे भी राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और विपक्ष की आवाज को नहीं दबा पाते तो एक और श्डयंत्र रचा जाता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ऊपर इस कार्रवाई का एकमात्र कारण है कि राहुल गांधी ने मोदी के निकट सहयोगी अडानी के घोटालेबाजी और अडानी-मोदी के गठबंधन पर आवाज उठाया। उन्होंने दो सवाल पूछे थे कि अडानी की कंपनियों में 20 हजार करोड़ रुपए किसके हैं। यह पैसा कहां से आया, किसका काला धन है,किसकी सेेल कंपनियां हैं, क्या ये कंपनियां डिफेंस फ ील्ड में काम कर रही हैं?
राहुल गांधी ने पूछा था कि प्रधानमंत्री मोदी का अडानी से क्या रिश्ता है? कयोंकि अडानी के विमान में आराम करते हुए पीएम मोदी की तस्वीर सबने देखा है। मोदी सरकार ने सवाल का जवाब तो नहीं दिया उल्टे राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के भाषण से अडानी घोटाले के महत्वपूर्ण अंश और राहुल गांधी के भाषण को संसद के रिकॉर्ड से हटा दिया। राहुल गाांधी पर कार्रवाई अडानी को बचाने के लिए एक साजिश है।
उन्होंनेे कहा कि हम न्यायिक प्रक्रिया पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। आगे हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के तीन दिन के अंदर लोकसभा के गृह समिति ने राहुल गांधी को मकान खाली करने के लिये 30 दिन का नोटिस दे दिया। यह सारी कार्रवाई जो व्यक्ति एकता फैलाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा में 4 हजार किलोमीटर पैदल चल सकता है, वो कैसे एक समुदाय को निशाना बना सकता है? राहुल गांधी ने सिर्फ इतना पूछा था कि कुछ चोरों का एक ही उपनाम नीरव मोदी, ललित मोदी और नरेंद्र मोदी क्यों हैं? उन्होंने किसी समुदाय को निशाना नहीं बनाया।