महासमुन्द

मजबूत संगठन के आधार पर हारी हुई बाजी को पलटा जा सकता है-डॉ. चोपड़ा
02-Apr-2023 7:05 PM
मजबूत संगठन के आधार पर हारी हुई बाजी को पलटा जा सकता है-डॉ. चोपड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 अप्रैल। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने भारतीय जनता पार्टी के बूथ सम्मेलन पिटियाझर में पवन साहू के निवास में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पूनम चन्द्राकर की अध्यक्षता में आहुत इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति मोर्चा जिला महामंत्री  उत्तरा प्रहरे, महासमुंद शहर मंडल महामंत्री श्री विश्वनाथन, प्रकाश शर्मा उपस्थित थे।

कार्यक्रम के संयोजक विस्तारक जितेन्द्र साहू ने बूथ सशक्तिकरण की शहर मंडल की कार्य योजना की जानकारी दी। इस अवसर पर डा. विमल चोपड़ा ने कहा कि मजबूत संगठन के आधार पर हारी हुई बाजी को पलटा जा सकता है। चुनावी मैदान में मजबूत बूथ एवं प्रत्येक बूथ से 51 प्रतिशत मत भाजपा को मिले, इसके लिए सशक्तिकरण जरूरी है। पन्ना प्रभारी के महत्व को विस्तार से बताते हुए डा. विमल चोपड़ा ने कहा की इसी पन्ना प्रभारियों से हम 51 प्रतिशत के लक्ष्य तक पहुंच सकते हंै।

कार्यक्रम के अध्यक्ष पूनम चन्द्राकर ने कहा कि देश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक उसकी आवश्यकताओं की पूर्ति देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। देश में भाजपा की सत्ता का श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री उत्तरा प्रहरे ने भाजपा प्रवेश करने वाले नवीन कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनसे अपील की कि तन मन धन से पार्टी की सेवा में लग जावें।  उन्होंने पिटियाझर में बुजुर्ग कार्यकर्ताओं के साहस के किस्से भी बताए।

कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र साहू ने तथा आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री विश्वनाथन ने किया। कार्यक्रम में बुजुर्ग कार्यकर्ता जुगल किशोर शर्मा, धनुष राम साहू, नारायण साहू, लेखराम साहू, उपस्थित कार्यकर्ता रोशन ध्रुव, मुन्ना विशाल, यश कुमार साहू, मानस साहू, सागर सूर्यवंशी, गोविंद सूर्यवंशी, विमल पाल, लल्लू पुरेना आदि ने भाजपा में प्रवेश किया।


अन्य पोस्ट