महासमुन्द

शहीदों को श्रद्धांजलि, सम्मानित हुए परिजन
02-Apr-2023 7:09 PM
शहीदों को श्रद्धांजलि, सम्मानित हुए परिजन

महासमुंद, 2 अप्रैल। नागरिक एकता समिति द्वारा शहीद दिवस पर गत मंगलवार को एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया और देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। यह समारोह सरायपाली के जयस्तंभ चौक में आयोजित हुई। जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं मशाल रैली निकालकर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की गई।

समारोह में शहीद भगत सिंह, राजगुरु  व सुखदेव के बलिदानी का दृश्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरायपाली अंचल के वीर शहीद ललित बुडेक, देवराज ससुराल और सत्यनारायण बगर्ती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर सरायपाली अनुविभागीय अधिकारी बीएस मरकाम, एसडीओपी विकास पाटले सरायपाली थाना प्रभारी वीणा यादव शामिल हुईं।    

अतिथियों के साथ नागरिक एकता समिति के अध्यक्ष अमित आहूजा ने सभी शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। साथ ही बसना विधायक और वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेंद्र बहादुर सिंह, सरायपाली पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली, कृषि उपज मंडी समिति, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, वन परिक्षेत्र कार्यालय, पुलिस विभाग, एलआईसी, गायत्री परिवार, व्यापारी महासंघ, सिख समाज सहित अनेक शासकीय विभागों और लोगों की ओर से भी शहीदों के परिजनों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया।


अन्य पोस्ट