महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। आकांक्षी जिला प्रोग्राम के तहत नीति आयोग की सहयोगी संस्था पीरामल फाउंडेशन व शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के महासमुंद एवं बागबाहरा ब्लाक के 24 शासकीय स्कूलों के माइंडस्पार्क एप के जरिए बच्चों की दक्षता सुधारने का काम जारी है। इसके तहत कक्षा 6 वीं से 9 वीं के नामांकित छात्र-छात्राओं को प्रौद्योगिकी के माध्यम से स्टूडेंट लर्निंग आउटकम में सुधार हेतु हिन्दी, अंग्रेजी एवं गणित के स्तर में सुधार के लिए स्कूल एवं घर में माइंडस्पार्क एप महत्वपूर्ण टूल के रूप में काम कर रहा है। स्कूल में भी प्रत्येक शनिवार बेगलेस डे को आईसीटी लेब के माध्यम से माइंडस्पार्क ऐप वेब ब्राउजर के द्वारा बच्चों को पढऩे हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
माइंडस्पार्क से बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करने गांव में शिक्षित युवाओं को सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पीरामल टीम स्कूलों में समर छुट्टियों के दौरान बच्चों को ऐप के द्वारा पढ़ाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। माइंड स्पार्क एप की निरंतर उपयोग से बच्चों की पढ़ाई और समझने की शक्ति में इजाफ़ा हुआ है।
मालूम हो कि माइंडस्पार्क एक एआई संचालित व्यक्तिगत ऑनलाइन मैथ्स लर्निंग प्लेटफॉर्म है जो प्रभावी रूप से छात्रों को आगे बढऩे गति देता है। जिले के महासमुंद एवं बागबाहरा ब्लाक के 24 शासकीय स्कूलों के कक्षा 6 वीं से 9 वीं के लगभग 1030 नांमाकित विद्यार्थी इस ऐप का उपयोग कर रहे हंै। शिक्षा विभाग एवं सकुल समन्वयकों, शिक्षकों एवं पीरामल फाउंडेशन की टीम के सामूहिक प्रयास से बच्चों को माइंडस्पार्क ऐप को उपयोग करना सुनिश्चित किया जा रहा है। ऐप में बच्चों को आने वाली दिक्कत और समस्याओं का समाधान टीम द्वारा तत्काल किया जा रहा है। बच्चों के शिक्षा स्तर में पहले से और बेहतर परिवर्तन देखने मिल रहा है। समय.समय पर कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर एवं सीईओ जिला पंचायत एस आलोक पीरामल फाउंडेशन की टीम के साथ बैठक कर जानकारी लेते हंै और ज़रूरी निर्देश भी दिए जाते हैं।