‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 अप्रैल। बुधवार शाम श्री मारुति महायज्ञ के यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व उनके परिवार का महामाया मंदिर में प्रायश्चित संस्कार यज्ञाचार्य पं. पंकज तिवारी ने विधिविधान से पूर्ण कराया। इस दौरान मंत्रोच्चार के बीच यजमान व उनके परिवार का मुंडन व जनेऊ संस्कार के साथ ही दसविध स्नान की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। उत्साहवर्धन के लिए ढोल नगाड़े बजते रहे। बाद इसके महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। गुरूवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री मारूति महायज्ञ का आगाज होगा।
हनुमान जन्मोत्सव पर आज निकलने वाली शोभायात्रा में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस विभाग ने इसे लेकर रूट प्लान तैयार किया हुआ है। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर कल शाम पुलिस विभाग में बैठक का आयोजन भी किया गया जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा की गई है।
एएसपी आकाश राव गिरेपुंजे से मिली जानकारी के अनुसार केन्द्र की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुये जिले में लगभग 1 हजार पुलिस जवानों को अलर्ट कर दिया गया है, वहीं शहर में हनुमान शोभायात्रा के दौरान कोई 250 से 300 जवान सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। केन्द्र सरकार की एडवायजरी के मद्देनजर महासमुंद जिला पुलिस ने भी विशेष प्लान तैयार की है। आज शहर में 2 शोभायात्रा निकलने वाली है। पहली शोभायात्रा मारूति यज्ञ स्थल दादाबाड़ा से निकलकर नगर भ्रमण करते हुये वापस यज्ञ स्थल पहुंचेगी और दूसरी शोभायात्रा श्रीराम जानकी मंदिर से निकलकर नगर भ्रमण करेगी। इसके लिए पुलिस विभाग पूरी तरह से अपनी तैयारी कर चुकी है।
महासमुंद में आज 6 मार्च से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक महायज्ञ में शामिल होने के लिए छग शिक्षक संघ जिला इकाई महासमुंद ने समस्त शिक्षकों से हिस्सा लेने की अपील की है। जिला अध्यक्ष टेकराम सेन, प्रांतीय मंत्री उमेश भारती गोस्वामी ने कहा है कि महासमुंद दादाबाड़ा में आज से आयोजित मारुति महायज्ञ व विशाल शोभा यात्रा में हजारों की तादाद में महिलाएं कलश यात्रा में शामिल होंगी। उक्त कलश यात्रा में रामदरबार,शिव परिवार, हनुमान जी सहित भव्य झांकी, युवतियों काा शौर्य प्रदर्शन संगीतमय अंदाज में होगा ।
चार दिवसीय इस महायज्ञ में हिन्दू परिधान में पीले, लाल, नारंगी साड़ी एवं धोती कुरता के साथ जोड़ों के साथ यज्ञ में शामिल होने की अपील भी की गई है। इस ऐतिहासिक महायज्ञ में प्रसिद्घ प्रवचक पं.विष्णु अरोड़ा का प्रवचन होगा। आयोजन समिति एवं प्रमुख यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर लगातार शहर सहित अंचल में इस आयोजन को लेकर श्रद्घालुओं को सहभागिता हेतु आग्रह कर रहे हैं।
कल बुधवार को यज्ञाचार्य पं पंकज तिवारी ने यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व उनके परिवार का विधि विधानपूर्वक विभिन्न संस्कार कराया। बाद इसके यज्ञ स्थल दादाबाड़ा से यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर सपरिवार तथा श्री मारूति महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्य साकरकर निवास पहुंचे। जहां साकरकर परिवार के भूमिस्थल दादाबाड़ा में यज्ञ के लिए प्रभा भुवनेश्वर राव साकरकर, दीपक राव साकरकर व प्रकाश राव साकरकर से अनुमति की प्रक्रिया पूर्ण की।
इस दौरान आयोजन समिति के संजय शर्मा, बाबूलाल साहू, राजेश नायक, दिलीप जैन, मूलचंद लड्ढा, बद्री लड्ढा, अजय थवाईत आदि मौजूद थे। गौरतलब है कि आज 6 अप्रैल को श्री हनुमान जन्म उत्सव के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कलश यात्रा दादाबाड़ा से निकलकर मुख्य मार्ग से होते यज्ञस्थल पर समाप्त होगी।
इस दौरान जगह-जगह स्वागत की भी तैयारी है। कलश जल यात्रा में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। कल बुधवार को महिलाओं ने कलश श्रृंगार किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि तीन हजार से अधिक कलश की व्यवस्था की गई है।
श्री मारूति महायज्ञ में मप्र जावरा के बालयोगी विष्णु अरोड़ा मुख्य प्रवचनकर्ता होंगे। बालयोगी श्री अरोड़ा सात अप्रैल की सुबह महासमुंद पहुंचेंगे। प्रतिदिन सुबह सात से 9 बजे तक पूजन, दस बजे से 12 बजे तक यज्ञ, दोपहर 12 बजे मध्यान्ह आरती, दोपहर दो बजे से चार बजे तक भजन कीर्तन, शाम चार बजे से साढ़े छह बजे तक प्रवचन व शाम सात बजे आरती का कार्यक्रम होगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्री मारुती महायज्ञ के समापन के दिन विश्राम यात्रा निकाली जाएगी।