महासमुन्द

जंगल में रहने वाले वन्यप्राणी पानी के लिए गांवों में पहुंच रहे, शिकार की आशंका
04-Apr-2023 2:08 PM
जंगल में रहने वाले वन्यप्राणी पानी के लिए गांवों में पहुंच रहे, शिकार की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 अप्रैल। महासमुंद के जंगल से प्यासे और भूखे वन्यप्राणियों का रुख अब शहरों और गांवों की ओर होने लगा है। कहा जा रहा है पानी आदि की कमी से वन्यप्राणी गांवों में पहुंचे रहे हैं और गांवों में आकर वे कुत्तों आदि का शिकार हो रहे हैं। कई बार वन्यप्राणी सडक़ मार्ग होते हुए गांवों की ओर निकलते हैं और वाहनों की चपेट में आ जाते हैं।

महासमुंद के जंगल में कौन-कौन से प्राणी है, कितनी तादात में हैं, उनका काफिला कहां से कहां रन करता है, इसका जवाब बहरहाल विभाग के  पास नहीं है। जंगल के भीतर कितने तालाब हैं, और उनसे कितने वन्यप्राणियों की प्यास बुझती है जैसे सवालों के जवाब अधिकारियों के पास नहीं है। उनका कहना है कि पिछली रिपोर्ट नहीं आने की वजह से पिछले कुछ वर्षों से गणना ही नहीं हो पा रही है।

एक अनुमान के अनुसार महासमुंद जिले में हाथी, तेंदुआ, वानर, बायसन, चीतल तथा हिरण की संख्या अधिक है। यहां के जंगल में विशेषज्ञों की टीम पैदल चल कर गणना करती है। वन्य जीवों के गणना की यह पुरानी प्रक्रिया है। गणना में लगे वन कर्मी पैरों के निशान, पेड़ों में खरोंच और मल को ट्रैक करते जाते हैं। वन कर्मियों को जिन स्थानों पर ये चीजें नजर आती हैं, उन स्थानों को मार्क किया जाता है। इसके बाद इसकी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजा जाता है। ट्रेल लाइन के अंतर्गत मांसाहारी और ट्रांजिट लाइन में शाकाहारी वन्यप्राणियों की गणना होती है।

वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत के मुताबिक जिले में वन्य प्राणियों की गणना सन 2018 में देहरादून की टीम ने की थी,  लेकिन अभी तक इसकी रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इसलिए फिलहाल बता पाना मुश्किल है कि जिले में कौन-कौन से और कितने वन्यप्राणी है। रिपोर्ट का इंतजार है। जानकारी के अनुसार वन विभाग द्वारा वन्यप्राणियों की गणना देहरादून वाइल्ड के आधार पर की गई थी। ताकि वन्यप्राणियों के लिए पेयजल और भोजन की व्यवस्था हो सके। लेकिन इसकी रिपोर्ट आज तक विभाग को नहीं मिल पाई है। जिसके चलते विभाग भी जंगल में पौधारोपण के अलावा तालाब आदि बता पाने में असमर्थ है। जंगल में स्टापडैम आदि का निर्माण भी किया जाता है वन्य प्राणी पानी की तलाश में जंगलों से भटककर रिहायशी इलाकों की ओर रुख ना करें। इससे उनकी वंशवृद्धि की भी जानकारी विभाग को होती है।

बताया जाता है कि मांसाहारी और शाकाहारी जानवरों की अलग-अलग गणना की जाती हैं। जिससे पता चलता है कि किस क्षेत्र में किस प्रजाति के वन्यप्राणियों का रहवास अधिक है। गोबर, पदचिन्हों से अनुमानित गाइडलाइन के मुताबिक गणना का काम ठंडी और गर्मी के सीजन में किया जाता है। प्रत्येक बीट में वन कर्मी सुबह निकल जाते हैं और दोपहर या शाम तक वापस लौटते हैं। कर्मियों को वन्य जीवों की गणना में कुछ अलग तरीके अपनाने पड़ते हैं।


अन्य पोस्ट