महासमुन्द
एक हिरासत में, एक फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 अप्रैल। जिले की बसना पुलिस ने अवैध शराब बनाते झोपड़ी से शराब बनाने के बर्तन और एक लाख रुपए कीमती शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसी मामले के एक फरार आरोपी की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह ने समस्त थाना-चौकी प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली अभिषेक केशरी के निर्देशन में 5 अप्रैल को अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेल्डीहपठार बांध के नीचे नाले के किनारे कुछ व्यक्ति अवैध रूप से शराब बना रहे हैं। सूचना पर ग्राम बेल्डीहपठार बांध के नीचे नाला किनारे घेराबंदी कर छापेमारी की गई। यहां एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग गया तथा एक व्यक्ति पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम डहरू मिरी (57) बेल्डीहपठार बताया, वहीं फरार आरोपी का नाम चैतलाल खुंटे निवासी बेल्डीहपठार बताया गया है।
पूछताछ के बाद नाला किनारे स्थित झोपड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी में झोपड़ी अंदर तीन अलग-अलग जगह चूल्हा जल रहा था। वहां अलग-अलग बोरियों में 510 लीटर देशी महुआ शराब, कामती 1 लाख 2 हजार रुपए, एक नग पैशन प्रो मोटर साइकल, 6 नग शराब बनाने का बर्तन मिला। सभी सामनों को बरामद कर आरोपियों के खिलाफ अपराध धारा 34-2 आबकारी एक्ट का मामला दर्ज किया गया। आरोपी डहरू मिरी को गिरफ्तार कर फरार आरोपी की तलाश जारी है।