महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अप्रैल। जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने 100 किलो गांजा परिवहन करते एक आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी युवक ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते महाराष्ट्र की ओर जा रहा था।
पुलिसको मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजे की एक बड़ी खेप महासमुंद से होकर गुजरने वाली है। अत: मुखबिर की सूचना तस्दीक के लिए सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव के निर्देश पर ओडिशा से महासमुंद जिले में प्रवेश करने वाले समस्त पाईंटों पर बल तैनात कर वाहन जांच कर रही थी।
सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से मिली हुलिया से मेल खाते एक ट्रक दिखा। वह बरगढ़ से महासमुंद की ओर आ रहा था। उक्त वाहन ट्रक को एनएच 53 रोड दिनेश ढाबे के पास घेराबंदी कर रोका गया। नाम पता पूछने पर आरोपी ने अपना नाम अमरनाथ मालवे (40 वर्ष) दिल्ली हालमुकाम महाराष्ट्र बताया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि ट्रक में कबाड़ी पु_ा बक्सा लोड है। इस पर वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में ट्रक के पीछे ट्रॉली में भरी बक्सा को हटाकर देखने पर चार प्लास्टिक बोरियों में गांजा मिला। कुल 4 प्लास्टिक बोरियों में 25-25 किलो ग्राम मादक पदार्थ भरकर छिपाया गया था। अत: मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर 100 किलो ग्राम गांजा कीमत लगभग 20 लाख रुपए तथा एक ट्रक कीमती 12 लाख रुपए जब्त किया। आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडिशा से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र व पंजाब ले जाना बताया। आरोपी के विरुद्ध धारा 20 ख एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोड़ा में कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा गया है।